सोनीपत: गौशाला के लिए गाय ला रहे युवकों पर हमला, मामला दर्ज
AI से जनरेट फोटो।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत के सेक्टर-27 थाना क्षेत्र में गौशाला के लिए खरीदी गई गायों को लेकर जा रहे दो युवकों के साथ कथित गौ-रक्षक दल के सदस्यों द्वारा मारपीट, लूट और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। पीड़ितों का आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें गौ-तस्कर समझकर रास्ते में रोक लिया, लाठी-डंडों से हमला किया और उनकी गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता रोहित कुमार ने बताया कि वह अपने चचेरे भाई सुशील के साथ गाजियाबाद की नंदगोपाल गौशाला के लिए राजस्थान नस्ल की गायें खरीदकर सोनीपत के गांव फाजिलपुर से लौट रहे थे। गुरुवार की रात को बीएम कॉलेज, रायपुर रोड के पास कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया। रोहित के अनुसार आठ-दस युवकों ने खुद को गौ-रक्षक दल का सदस्य बताते हुए उन पर गौ-तस्करी का आरोप लगाया और बिना किसी जांच के लाठी-डंडों से हमला कर दिया। दोनों को गंभीर चोटें आईं और आरोपियों ने गाड़ी के शीशे भी तोड़ दिए।
मारपीट के दौरान सुशील की जेब से लगभग बीस हजार रुपये गायब हो गए। पीड़ितों का कहना है कि स्पष्ट नहीं है कि पैसे गिर गए या आरोपियों ने निकाल लिए। घटना के दौरान जब पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुंचती दिखाई दी तो आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए और दोबारा मिलने पर जान से मारने की धमकी दी। घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल सोनीपत में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने सुशील के शरीर पर छह और रोहित के शरीर पर पांच चोटें दर्ज कीं। सभी चोटें कुंद वस्तु से लगी बताई गईं। रोहित को पीजीआई रोहतक रेफर किया गया, हालांकि वह वहां उपचार के लिए नहीं गया।
पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने संदीप, रामचरण, मेजर उर्फ हवासिंह और सोनू समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की बात कही है।
