सोनीपत: कार्यस्थल पर योग से तनाव मुक्ति का संदेश
सोनीपत: व्यायाम करते हुए कर्मचारी व अधिकारी।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत लघु सचिवालय में अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए आयुष विभाग की ओर से पांच मिनट का योग अवकाश आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य कार्यस्थल पर तनाव कम करना और दोबारा ध्यान केंद्रित करने में सहायता देना रहा।
कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों को कुर्सी पर बैठकर गर्दन के व्यायाम कराए गए। साथ ही बैठे-बैठे ताड़ासन सहित अन्य सरल योग आसनों का अभ्यास कराया गया। अधिकारियों ने कहा कि नियमित योग से मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य सुदृढ़ रहता है और कार्यक्षमता में वृद्धि होती है।
उपमंडल अधिकारी सुभाष चंद्र, सहायक पुलिस आयुक्त राजदीप मोर, जिला राजस्व अधिकारी सुशील शर्मा, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी मनीष मलिक सहित अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों ने योग सहायकों सरिता, पिंकी, कृष्णा और दर्वेश के मार्गदर्शन में योगाभ्यास किया। कार्यक्रम के माध्यम से कार्यस्थल पर स्वस्थ वातावरण बनाने का संदेश दिया गया।
