March 9, 2026

मंत्री डा. अरविंद शर्मा: हरियाणा में हर घर को सहकार से जोड़ने की मुहिम शुरू करेंगे

Sonipat We will launch a campaign to connect every household in Haryana with co-operation Dr. Arvind

सोनीपत: सहकारिता विभाग के हरकोफैड द्वारा गढ़ी उजाले खां में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री डा. अरविंद शर्मा।

सोनीपत, अजीत कुमार। सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि सहकारिता देश में परिवारों की खुशहाली और नारी सशक्तिकरण का मजबूत माध्यम बन रही है। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह ने देश के 140 करोड़ नागरिकों को सहकारिता क्षेत्र से जोड़ने का जो संकल्प लिया है, उसी दिशा में हरियाणा में हर घर को सहकार से जोड़ने की मुहिम शुरू की जाएगी। इस अभियान की शुरुआत गोहाना से किए जाने की तैयारी है, जिससे महिलाओं, परिवारों और समाज को आर्थिक व सामाजिक रूप से मजबूती मिलेगी।

रविवार को सहकारिता विभाग के हरकोफैड द्वारा गढ़ी उजाले खां स्थित शिव मंदिर परिसर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में समारोह आयोजित किया गया। इसमें सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा और उनकी पत्नी डॉ रीटा शर्मा ने भाग लिया। कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं तथा विभागीय अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान सहकारी संस्थाओं द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि भारत आज नारी सशक्तिकरण के क्षेत्र में दुनिया के सामने उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है। उन्होंने कहा कि सहकारिता के माध्यम से गांव-गांव में विकास और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त किया जा सकता है। इसी उद्देश्य से विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि पायलट परियोजना के रूप में गोहाना क्षेत्र में हर घर सहकार से जुड़े अभियान को गति दी जाए, ताकि अधिक से अधिक परिवार सहकारिता आंदोलन का हिस्सा बन सकें।

उन्होंने मेरी सखी जनसम्पर्क कार्यक्रम के तहत उपस्थित महिलाओं से संवाद करते हुए कहा कि महिलाओं के सशक्त होने से परिवार मजबूत होते हैं और परिवारों की मजबूती ही राष्ट्र की शक्ति बनती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनेक योजनाएं चला रही है।

मुख्य वक्ता के रूप में डॉ रीटा शर्मा ने कहा कि महिलाओं को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक और सतर्क रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिला केवल परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज को दिशा देने की क्षमता रखती है। कार्यक्रम में सहकारी चीनी मिल आहुलाना की प्रबंध निदेशक अंकिता वर्मा, मार्केट कमेटी गोहाना के अध्यक्ष कृष्ण सैनी, जिला प्रभारी डॉ किरण कलकल, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रीना शर्मा, पार्षद अंजू कालड़ा, पार्षद बबली आदि उपस्थित रहे।

About The Author