March 25, 2026

सोनीपत: खेल चोट प्रबंधन विषय कार्यशाला में छात्रों को दी उपयोगी जानकारी

Sonipat Useful information given to students in workshop on sports injury management

सोनीपत: खेल चोट प्रबंधन विषय पर बोलते हुए वक्ता।

सोनीपत, अजीत कुमार। हरियाणा खेल विश्वविद्यालय, राई स्थित बंसीलाल सभागार में खेल चोट प्रबंधन विषय पर एक महत्वपूर्ण कार्यशाला बुधवार को  आयोजित की गई। यह कार्यशाला विश्वविद्यालय के सहयोग से निजी अस्पताल, द्वारका के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यशाला का उद्देश्य खिलाड़ियों और छात्रों को खेल के दौरान होने वाली सामान्य एवं विशिष्ट चोटों की रोकथाम, पहचान और प्रभावी उपचार के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में अधिष्ठाता शैक्षणिक, प्रो. योगेश चंदर ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं विद्यार्थियों के शारीरिक स्वास्थ्य और खेल प्रदर्शन को सुदृढ़ बनाने में सहायक होती हैं।

कार्यक्रम दो चरणों में आयोजित किया गया। पहले चरण में सैद्धांतिक सत्र हुआ, जिसमें खेल चोटों के प्रकार, कारण और बचाव के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। विद्यार्थियों को सामान्य और विशिष्ट चोटों के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी गई।

दूसरे चरण में व्यावहारिक एवं संवादात्मक सत्र आयोजित किया गया, जिसमें छात्रों की वास्तविक चोटों पर चर्चा करते हुए उनके उपचार के तरीके समझाए गए। इस दौरान छात्रों ने विशेषज्ञों से प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।

कार्यशाला में विशेषज्ञों ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। डॉ. गौरव रस्तोगी ने खेल चोटों के शल्य उपचार की आधुनिक तकनीकों पर प्रकाश डाला। डॉ. नम्रता डाबस ने प्रस्तुति और वीडियो माध्यम से शरीर में होने वाले बदलावों और स्वस्थ होने की प्रक्रिया को समझाया। वहीं डॉ. निखिल कपूर ने दर्द प्रबंधन के प्रभावी उपायों पर जानकारी दी। इस अवसर पर नवीन ठाकरान और नितिन यादव भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शिक्षण एवं अशिक्षण स्टाफ की सहभागिता भी उल्लेखनीय रही।

About The Author