March 9, 2026

मोहन लाल बड़ौली: प्रशिक्षण से मजबूत संगठन, जनसेवा सर्वोपरि

Sonipat Training strengthens organization, public service is paramount Mohan Lal Baroli

सोनीपत: पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान के अंतर्गत आयोजित कारूर्क्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बडौली।

सोनीपत, अजीत कुमार। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि प्रशिक्षण संगठन की आत्मा है और अंत्योदय उसका मूल मंत्र है। उन्होंने कहा कि यह एक सतत प्रक्रिया है, जिसका उद्देश्य कार्यकर्ताओं में राष्ट्रवाद, सेवा भाव और वैचारिक प्रतिबद्धता को मजबूत करना है। इसी कारण यह संगठन अन्य दलों से अलग पहचान रखता है।

मोहन लाल बड़ौली ने रविवार को सोनीपत के भगवान विश्वकर्मा मंडल और महाराजा अग्रसेन मंडल में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान के अंतर्गत कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण कार्यकर्ता निर्माण की निरंतर साधना है, जिसके माध्यम से संगठन की मजबूती, जनसेवा की भावना और मूल्य आधारित राजनीति को बढ़ावा मिलता है। प्रशिक्षण के दौरान कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, इतिहास, नेतृत्व क्षमता, जनसंवाद के तरीके और आधुनिक साधनों के उपयोग की जानकारी दी जाती है।

उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ कार्यकर्ताओं को कृत्रिम बुद्धिमत्ता तकनीक, अंतरजाल माध्यम और बूथ प्रबंधन जैसे विषयों का भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे जनसंपर्क को और अधिक प्रभावी बना सकें। उनके अनुसार भारतीय जनता पार्टी में जमीनी स्तर पर काम करने वाला कार्यकर्ता ही अपने परिश्रम के बल पर शीर्ष नेतृत्व तक पहुंच सकता है।

मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद का मूल भाव यह है कि राजनीति का केंद्र सत्ता नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति का उत्थान होना चाहिए। इसी विचार को आधार बनाकर केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर लागू किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार जनभावनाओं को ध्यान में रखकर विकास और जनसेवा के कार्य कर रही है। प्रदेश निरंतर विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाएं।

मोहन लाल बड़ौली ने सोनीपत निवासी वैभव भारद्वाज को संघ लोक सेवा आयोग परीक्षा में 344वां स्थान प्राप्त करने पर बधाई दी। उन्होंने वैभव के निवास पर पहुंचकर उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बड़ौली ने कहा कि वर्तमान व्यवस्था में योग्यता और परिश्रम को सर्वोच्च स्थान मिल रहा है, जिससे प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है और वे देश व प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।

About The Author