सोनीपत क्राइम: सैन्य अधिकारी के बंद मकान में चोरी, सीसीटीवी में कैद
सोनीपत: सीसीटीवी में कैद चोरी करने आया आरोपी।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत शहर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रहीं। ताजा मामला सेक्टर-7 का है, जहां एक सैन्य अधिकारी के बंद मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोर नकदी व सोने के आभूषण चोरी कर ले गया। घटना के समय मकान खाली था, जिसका फायदा उठाकर आरोपी ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।
शिकायत के अनुसार 14 मार्च 2026 की शाम आरोपी पीछे के गेट पर चढ़कर मकान में घुसा। सीसीटीवी फुटेज में वह हुडी पहने दिखाई दे रहा है तथा उसके पास स्मार्टफोन भी नजर आ रहा है। आरोपी ने घर के अंदर रखे मिलिट्री संदूक को तोड़कर तलाशी ली और पर्स चोरी कर लिया।
पर्स में करीब 10 हजार रुपए नकद तथा दो सोने की अंगूठियां थीं। घटना के बाद मकान का सामान अस्त-व्यस्त पाया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पहले मकान की रेकी की और उसके बाद वारदात को अंजाम दिया। थाना सेक्टर-27 पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई गिरिश को सौंपी गई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के लोगो में भय का माहौल बना हुआ है। बंद मकानों को निशाना बनाए जाने से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
