सोनीपत: प्रशासनिक कार्यप्रणाली समझने विद्यार्थियों ने किया विभिन्न कार्यालयों का दौरा
सोनीपत: प्रशासनिक जानकारी लेने पहुंचे विधार्थी।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत प्रशासन से परिचय कार्यक्रम के तहत दो निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों को सरकारी कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रशासनिक व्यवस्था की वास्तविक जानकारी देना और उनमें जागरूक नागरिक बनने की भावना विकसित करना रहा।
कार्यक्रम के अंतर्गत ब्राइट स्कॉलर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय और वीएसपीके इंटरनेशनल विद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न सरकारी कार्यालयों का दौरा किया। उन्होंने समाधान शिविर में आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान होते हुए देखा और प्रक्रिया को समझा। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों ने मुरथल स्थित जेबीएम कंपनी, सदर थाना, सरल केंद्र, उपमंडल अधिकारी कार्यालय तथा अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय का भी अवलोकन किया।
उपमंडल अधिकारी सुभाष चंद्र ने विद्यार्थियों को समाधान शिविर की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सप्ताह में दो दिन आयोजित होने वाले इन शिविरों में लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाता है। विद्यार्थियों को शिविर के उद्देश्य और पूरी प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाया गया।
इस दौरान प्रशासन से परिचय अभियान के नोडल अधिकारी डॉ अतर सिंह ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम में उपमंडल अधिकारी सुभाष चंद्र और एसीपी राजदीप मोर ने विद्यार्थियों को प्रशासनिक बैज पहनाकर उनका उत्साहवर्धन किया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को समाज सेवा के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि जागरूक युवा ही जिम्मेदार और आदर्श समाज का निर्माण कर सकते हैं।
