March 24, 2026

सोनीपत: पंप ऑपरेटर बना राष्ट्रीय धावक, अब तक 70 पदक जीते

Sonipat Pump operator becomes national runner, wins 70 medals so far

सोनीपत: चंडीगढ़ में हुई खेलो इंडिया मास्टर्स नेशनल गेम्स में पदक विजेता सुरेंद्र सिंह।

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत जिले के गांव बैयांपुर निवासी सुरेंद्र सिंह ने मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर खेल जगत में उल्लेखनीय पहचान बनाई है। करीब दो वर्ष पहले तक खेलों से दूर रहने वाले सुरेंद्र आज राष्ट्रीय स्तर पर अपने प्रदर्शन से जिले का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने फिटनेस से प्रेरित होकर वर्ष 2024 में दौड़ की शुरुआत की और अल्प समय में ही राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर 70 से अधिक पदक जीत लिए।

सुरेंद्र सिंह लंबे समय से जल आपूर्ति विभाग में पंप ऑपरेटर के रूप में कार्यरत हैं। व्यस्त दिनचर्या के बावजूद उन्होंने नियमित अभ्यास को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाया। सुबह और शाम दो-दो घंटे अभ्यास करते हुए उन्होंने अपनी क्षमता को निखारा। प्रारम्भ में उन्होंने गांव के खेतों में ही दौड़ लगाकर अभ्यास शुरू किया, जिससे उनका आत्मविश्वास लगातार बढ़ता गया। हाल ही में 21 व 22 मार्च 2026 को चंडीगढ़ में आयोजित खेलो इंडिया मास्टर्स नेशनल गेम्स में उन्होंने पांच किलोमीटर, तीन किलोमीटर, 1500 मीटर और 800 मीटर दौड़ में भाग लेकर चारों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीते। यह उपलब्धि उनके समर्पण और अनुशासन का परिणाम है।

अब तक सुरेंद्र राष्ट्रीय स्तर पर 22 से अधिक तथा राज्य स्तर पर 50 से अधिक पदक जीत चुके हैं। 25 नवम्बर 2024 को पंचकूला में आयोजित पहली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतना उनके जीवन का निर्णायक मोड़ साबित हुआ। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। वर्ष 2025 में सूरत और अलवर में आयोजित प्रतियोगिताओं में भी उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई पदक हासिल किए। दिल्ली में आयोजित प्रतियोगिता में भी उन्होंने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीते।

सुरेंद्र बिना किसी कोच के स्वयं अभ्यास करते हैं। वे प्रतिदिन सुबह दौड़ का अभ्यास करते हैं तथा संतुलित आहार अपनाते हैं। उनका कहना है कि प्रारम्भ में लोगों ने उनकी उम्र को लेकर सवाल उठाए, लेकिन आज उनकी उपलब्धियां ही उनका जवाब हैं। उनकी सफलता से गांव और परिवार में उत्साह का माहौल है। विभाग द्वारा भी उन्हें प्रोत्साहित किया जा रहा है तथा सम्मानित करने की तैयारी की जा रही है।

About The Author