March 6, 2026

सोनीपत क्राइम: धुलेंडी पर महिला पर पेट्रोल बम हमला, नौ नामजद आरोपी

Sonipat: Petrol bomb attack on woman on Holi, nine named accused

प्रतीकात्मक तस्वीर।

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत जिले के कथुरा क्षेत्र के एक गांव में धुलेंडी के दिन एक महिला पर पेट्रोल से भरी जलती कांच की बोतल फेंकने के मामले में नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। गंभीर रूप से झुलसी महिला को पीजीआईएमएस रोहतक में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

महिला राजो ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पति की लगभग 14 वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी है और वह घरेलू काम करके परिवार का पालन-पोषण करती है। उसके तीन बेटे हैं, जिनमें से दो की शादी हो चुकी है। चार मार्च को धुलेंडी के दिन गली में कुछ युवक शराब पीकर शोर-शराबा कर रहे थे। इसी दौरान रोहित नशे की हालत में उनके घर में घुस आया। छोटे बेटे सोनू ने उसे टोका तो दोनों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हो गई, हालांकि बाद में मामला शांत हो गया।

सोनू के अनुसार गांव की चौपाल में बच्चों की पढ़ाई के लिए लाइब्रेरी बनी हुई है। करीब चार वर्ष पहले होली के दिन कुछ युवक शराब पीकर चौपाल के पास डांस कर रहे थे। उसने उन्हें लाइब्रेरी के पास ऐसा करने से मना किया था। इसी बात को लेकर कहासुनी हुई और तभी से रंजिश चली आ रही है।

महिला ने बताया कि रात को वह परिवार के साथ बरामदे में खाना खाने के बाद चारपाई पर सोने के लिए लेटी थी। तभी अचानक ऊपर से आग लगी कांच की बोतल चारपाई पर फेंकी गई। बोतल में पेट्रोल होने का शक है। जलती बोतल गिरते ही बिस्तर और महिला में आग लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई।

महिला ने आरोप लगाया कि प्रदीप नरवाल, विजय, रोहित, साहिल, आशिष, पुनित, अजीत, दीपक और शुभम ने मिलकर साजिश के तहत यह हमला किया और उसे व उसके बेटे सोनू को जान से मारने की नीयत से पेट्रोल की बोतल में आग लगाकर फेंका।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम अस्पताल पहुंची। डॉक्टर द्वारा बयान के लिए फिट घोषित करने के बाद महिला का बयान दर्ज किया गया। महिला की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर थाना बरोदा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही एफएसएल व फिंगरप्रिंट टीम को मौके पर जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

About The Author