सोनीपत: घरेलू गैस आपूर्ति दुरुस्त रखें, कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई होगी: उपायुक्त
सोनीपत: अधिकारियों, गैस एजेंसी संचालकों संग घरेलू गैस आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करते उपायुक्त सुशील सारवान।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत उपायुक्त सुशील सारवान ने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर आमजन की मूलभूत आवश्यकता है और इसकी आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने शुक्रवार को अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में गैस सिलेंडरों की उपलब्धता, वितरण व डिलीवरी व्यवस्था पूरी तरह सुचारु और पारदर्शी रखी जाए, ताकि किसी भी नागरिक को परेशानी न हो।
लघु सचिवालय में आयोजित बैठक में उपायुक्त ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, संबंधित विभागों के अधिकारियों और गैस एजेंसी संचालकों के साथ घरेलू गैस आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान उपभोक्ताओं को समय पर डिलीवरी, लंबित बुकिंग, वितरण प्रणाली की पारदर्शिता और शिकायत निवारण व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा हुई। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि जिले के शिक्षण संस्थानों के छात्रावासों में गैस आपूर्ति निर्बाध रहे, जिससे बच्चों को कोई असुविधा न हो।
उपायुक्त ने कहा कि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी गंभीर विषय है और इस पर सख्ती से निगरानी रखी जाए। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि गैस गोदामों, एजेंसियों और वितरण केंद्रों का नियमित औचक निरीक्षण किया जाए। यदि कहीं अवैध बिक्री, भंडारण में गड़बड़ी या घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग पाया जाता है तो संबंधित व्यक्तियों व एजेंसियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए गए कि वे तय समय में डिलीवरी सुनिश्चित करें। अतिरिक्त वसूली या अनुचित व्यवहार की शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई होगी। उपायुक्त ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अनियमितता की सूचना प्रशासन को दें, ताकि व्यवस्था और अधिक प्रभावी बनाई जा सके। बैठक में एसीपी मलकित सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया, खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी विंसल सहरावत, गैस एजेंसी संचालक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
