सोनीपत: इनेलो द्वारा सोनीपत मंडी में किसान कष्ट निवारण केंद्र शुरू
सोनीपत: नई अनाज मंडी गेट पर किसान कष्ट निवारण केंद्र में अध्यक्षता करते हुए जिला प्रधान कुणाल गहलावत।
सोनीपत, अजीत कुमार। इंडियन नेशनल लोकदल की जिला इकाई सोनीपत ने एक अप्रैल 2026 को नई अनाज मंडी गेट पर किसान कष्ट निवारण केंद्र की शुरुआत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला प्रधान कुणाल गहलावत ने की। इस केंद्र का उद्देश्य सरकार की नीतियों से जुड़ी किसानों की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान करवाने के लिए मंच उपलब्ध कराना बताया गया।
कुणाल गहलावत ने कहा कि जिस भी किसान को किसी प्रकार की समस्या हो, वह इस केंद्र पर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकता है। उन्होंने कहा कि पार्टी हमेशा किसानों के हक की आवाज उठाती रही है और आगे भी उठाती रहेगी। उनका कहना था कि जब-जब किसानों की अनदेखी हुई है, तब-तब पार्टी नेतृत्व ने आगे बढ़कर संघर्ष किया है। पानी, बुढ़ापा पेंशन और मंडियों में अनाज बिक्री जैसे मुद्दों पर लगातार आवाज उठाई जाती रही है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि सरकार ने मंडियों में किसानों पर पंजीकरण, बायोमेट्रिक हस्ताक्षर, प्रवेश पास और मेरी फसल मेरा ब्योरा जैसी शर्तें लागू की हैं, जिनसे छोटे और सीमांत किसानों को परेशानी हो रही है। कई किसान ऐसे हैं जिनके पास स्वयं का ट्रैक्टर-ट्रॉली नहीं है और वे किराये या बटाई पर खेती करते हैं। ऐसे किसानों के लिए नई व्यवस्थाएं कठिन साबित हो रही हैं। पार्टी ने इन शर्तों को गैरजरूरी बताते हुए इन्हें वापस लेने की मांग की।
कार्यक्रम में कृष्ण मलिक, सुरेश त्यागी, गोपाल जाजी, सुरेंद्र सिरसाड़, सरधर्म बिट्टू सरोहा, प्रदीप दहिया, मंजीत फोगाट, अशोक मलिक, अनिल मलिक, धर्मवीर दहिया, सचिन लाठ, विजेंद्र सरोहा, रामदिया, महावीर शर्मा, विशाल सरोहा, जिले सिंह, धर्मेंद्र छिक्कारा, दयानंद मास्टर, धर्मपाल हुड्डा और पिंकी दहिया सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने कहा कि यह केंद्र किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार सक्रिय रहेगा और प्राप्त शिकायतों पर संबंधित विभागों से कार्रवाई करवाई जाएगी।
