सोनीपत क्राइम: एनएच–44 पर खड़े ट्रक से लाखों का सामान चोरी
फोटो AI जनरेट है।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग–44 पर खड़े एक ट्रक से लाखों रुपए के सामान की चोरी होक गया है। पुलिस नाके के कारण ट्रक रोकने के दौरान अज्ञात चोरों ने कंटेनर की सील तोड़कर बड़ी मात्रा में सामान चोरी कर लिया। चालक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के निवासी देवी प्रसाद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह ट्रक पर चालक के रूप में कार्यरत हैं। ट्रक में समालखा स्थित नेस्ले कंपनी से 1940 कार्टन लोड कर भिवंडी, मुंबई के लिए रवाना हुए थे। गन्नौर क्षेत्र में जीटी रोड पर पुलिस नाका होने के कारण ट्रक को आगे नहीं जाने दिया गया, जिसके बाद वाहन को सर्विस रोड पर खड़ा करना पड़ा।
चालक के अनुसार वह ट्रक के केबिन में ही सो गए थे। बाद में जब जांच की तो कंटेनर के पीछे का गेट खुला मिला और सील टूटी हुई थी। गिनती करने पर 68 कार्टन कम पाए गए। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत लगभग चार लाख नब्बे हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस ने शिकायत के आधार थाना एचएसआईआईडीसी बरही में मामला दर्ज किया है। मामला दर्ज होने के बाद उप निरीक्षक ओमप्रकाश पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। साथ ही संभावित मार्गों और बाजारों में चोरी गए कार्टनों की बरामदगी के लिए छानबीन जारी है।
