February 10, 2026

मोहनलाल बङौली: केंद्र बजट से हर वर्ग लाभान्वित, अर्थव्यवस्था को मिलेगी गति

Sonipat: Every section will benefit from the central budget, the economy will gain momentum: Badauli

सोनीपत: गोहाना शहर स्थित सिंचाई विश्राम गृह में पत्रकारो से बात करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बङौली।

सोनीपत,  अजीत कुमार। केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत आम बजट को समावेशी और विकासोन्मुख बताते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बङौली ने कहा कि यह बजट देश के हर वर्ग को ध्यान में रखकर बनाया गया है, जिससे अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। सोमवार को गोहाना शहर स्थित सिंचाई विश्राम गृह में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने बजट की प्रमुख विशेषताओं को विस्तार से रखा।

मोहनलाल बङौली ने कहा कि बुनियादी ढांचे को सशक्त करने के लिए पूंजीगत व्यय बढ़ाकर 12.2 लाख करोड़ रुपये किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में एक लाख करोड़ रुपये अधिक है। इससे सड़कों, रेल, सिंचाई और शहरी सुविधाओं के विकास को मजबूती मिलेगी। किसानों के हित में किसान क्रेडिट कार्ड की ऋण सीमा बढ़ाई गई है, जिससे कृषि कार्यों में आर्थिक सहयोग सुलभ होगा।

स्वास्थ्य क्षेत्र को लेकर उन्होंने बताया कि देश के हर जिले में आधुनिक ट्रामा सेंटर स्थापित किए जाएंगे, जिससे आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं मजबूत होंगी। कैंसर, शुगर सहित कई गंभीर बीमारियों की दवाइयों को सस्ता करने का प्रावधान किया गया है। साथ ही सोलर पैनल, जूते और कपड़ों की कीमतों में कमी से आम उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी स्वरोजगार योजना के तहत ग्रामीण उद्योगों को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे गांवों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। पर्यटन के क्षेत्र में प्रदेश के राखीगढ़ी को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में भी यह बजट सहायक सिद्ध होगा। यह बजट गरीब, किसान, युवा, महिला और मध्यम वर्ग सभी के हितों को संतुलित रूप से साधता है और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में मजबूत कदम है। पत्रकार वार्ता में जिले के भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

गांव कासंडी में संदीप भनवाला द्वारा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बङौली के नागरिक अभिनन्दन के दौरान इनेलो के पूर्व खेल प्रकोष्ठ हलका बरोदा अध्यक्ष और जेजेपी नेता अशोक चहल, सरपंच कृष्ण कटवाल व समाज सेवी कृष्ण सांगवान ने भाजपा में आस्था जताई। पत्रकार वार्ता में जिला गोहाना भाजपा अध्यक्ष बिजेंद्र मलिक, प्रभारी डॉ.किरण कलकल, चेयरमैन रजनी विरमानी, डॉ.धर्मवीर नांदल, महेंद्र चिड़ाना, जितेन्द्र शर्मा, नरेंद्र गहलावत, बलराम कौशिक, परमवीर सैनी, सरपंच पवन शर्मा, डॉ.राममेहर राठी आदि मौजूद रहे।

About The Author