सोनीपत क्राइम: बरामदे में सो रही बुजुर्ग महिला पर पेट्रोल डालकर हमला
सोनीपत: घायल वृद्ध महिला अस्पताल में।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत जिले के गोहाना क्षेत्र के कथुरा गांव में पुरानी रंजिश के चलते 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला को जिंदा जलाने का प्रयास करने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। बुधवार देर रात बरामदे में खाट पर सो रही महिला पर कुछ युवकों ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसी महिला को पहले गोहाना के अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर रोहतक पीजीआई भेजा गया।
परिवार के सदस्य सोनू ने बताया कि बुधवार को फाग के दिन घर में होली का त्योहार मनाया गया था। देर रात सभी लोग अपने-अपने स्थान पर सो गए थे। सामान्य रूप से सोनू बरामदे में सोता है, लेकिन उस रात उसकी मां राजो देवी बरामदे में खाट पर रजाई ओढ़कर सो रही थी।
आरोप है कि अाधी रात पड़ोस के 8–10 युवक कांच की बोतल में पेट्रोल लेकर आए। उन्होंने पहले खाट के नीचे पेट्रोल डाला और फिर सो रही महिला की रजाई पर भी पेट्रोल छिड़क दिया। इसके बाद आरोपियों ने आग लगा दी और मौके से भाग निकले। आग लगते ही घर में चीख-पुकार मच गई। परिवार के सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाई। आग की लपटों में झुलसने से बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तुरंत गोहाना के अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए रोहतक पीजीआई भेज दिया।
परिजनों का कहना है कि गांव की चौपाल में बच्चों की पढ़ाई के लिए एक पुस्तकालय बनाया गया है। लगभग चार वर्ष पहले होली के दिन कुछ युवक शराब पीकर वहां नृत्य कर रहे थे। बच्चों की पढ़ाई में बाधा को देखते हुए उन्हें वहां से जाने के लिए कहा गया था। उसी समय दोनों पक्षों में कहासुनी और गाली-गलौज हो गई थी। आरोप है कि उसी घटना के बाद से रंजिश चली आ रही है और हर वर्ष होली के समय विवाद होता रहा है। परिजनों ने आरोप लगाया कि कुछ युवकों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।
सूचना मिलने पर बरोदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि घायल महिला और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
