April 5, 2026

सोनीपत: गोहाना में गेहूं खरीद नए नियमों के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन

Sonipat Congress protests against new wheat procurement rules in Gohana

सोनीपत: विधायक इंदु राज नरवाल और जगबीर मलिक सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए।

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत जिले में गेहूं खरीद प्रक्रिया के लिए लागू किए गए नए नियमों के विरोध में कांग्रेस ने गोहाना में शुक्रवार को प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने किसानों के समर्थन में सड़कों पर उतरकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और पुराने नियम दोबारा लागू करने की मांग उठाई। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में किसान और आढ़ती भी शामिल रहे, जिन्होंने नई व्यवस्था को जटिल और परेशान करने वाली बताया।

बरोदा से विधायक इंदु राज नरवाल और कांग्रेस नेता जगबीर मलिक ने कहा कि मौजूदा सरकार किसान और मजदूर विरोधी नीतियां अपना रही है। उनका कहना है कि बायोमेट्रिक सत्यापन और ट्रैक्टर नंबर अनिवार्य करने जैसे प्रावधान किसानों के लिए बड़ी समस्या बन रहे हैं। छोटे और मध्यम किसानों को मंडी में फसल बेचने के लिए अतिरिक्त औपचारिकताओं से गुजरना पड़ रहा है, जिससे समय और खर्च दोनों बढ़ रहे हैं। किसानों का आरोप है कि नई प्रक्रिया के कारण मंडी में अनावश्यक देरी और असमंजस की स्थिति बन रही है।

प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि गेहूं खरीद से जुड़े नए नियम तुरंत प्रभाव से वापस लिए जाएं, ताकि किसानों और आढ़तियों को राहत मिल सके। नेताओं ने कहा कि वर्तमान व्यवस्था किसानों के लिए व्यावहारिक नहीं है और इससे खेती की लागत तथा परेशानी दोनों बढ़ रही हैं। नेताओं ने आरोप लगाया कि कई बार जमीन महिला के नाम होती है, लेकिन उनके लिए मंडी तक पहुंचना संभव नहीं हो पाता। जिन किसानों के पास अपना ट्रैक्टर नहीं है, वे किराये के साधनों से फसल लाते हैं, जिससे ट्रैक्टर नंबर अनिवार्यता उनके लिए बाधा बन रही है। ऐसे में किसान अपनी फसल समय पर बेचने से वंचित रह सकते हैं।

कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर किसान और मजदूर विरोधी नीतियां लागू करने का आरोप लगाया और चेतावनी दी कि यदि जल्द निर्णय वापस नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी हर परिस्थिति में किसानों और मजदूरों के साथ खड़ी रहेगी और उनके हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

About The Author