सोनीपत: नगर निगम चुनाव में कांग्रेस संग विकास का दावा
सोनीपत: नशा सोनीपत से पूर्व विधायक सुरेंद्र पंवार कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत से पूर्व विधायक सुरेंद्र पंवार ने नगर निगम चुनाव को लेकर आयोजित जनसभाओं में कहा कि शहर की जनता अब बदलाव के लिए तैयार है और भाजपा को सबक सिखाने का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि शहर में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है, जिससे आमजन रोजाना परेशान हो रहा है। हल्की बारिश में ही जलभराव की समस्या खड़ी हो जाती है और सड़कों व गलियों की स्थिति अत्यंत खराब बनी हुई है।
ओम नगर, इंडियन कालोनी, सेक्टर-23, नरेंद्र नगर और राम नगर सहित विभिन्न स्थानों पर जनसंपर्क अभियान के दौरान उन्होंने लोगों को संबोधित किया। इस अवसर पर उनके साथ सांसद सतपाल ब्रह्मचारी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजीव दहिया (ग्रामीण), कमल दीवान (शहरी), जगबीर मलिक, पदम दहिया, सुखबीर फरमाणा, बलबीर बाल्मीकि और जयभगवान आंतिल सहित कई नेता मौजूद रहे। पंवार ने क्षेत्रवासियों द्वारा किए गए स्वागत के लिए आभार जताया।
उन्होंने कहा कि पिछली उपचुनाव की स्थिति को दोहराने के बजाय इस बार जनता कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने के लिए उत्साहित है। उन्होंने आरोप लगाया कि पोर्टल व्यवस्था के कारण आमजन उलझ गया है और छोटी-छोटी गलतियों को ठीक कराने के लिए महीनों तक चक्कर लगाने पड़ते हैं।
सेक्टर-23 में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति यह संकेत देती है कि आने वाला समय कांग्रेस का हो सकता है। उन्होंने महंगाई, घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत और प्रशासनिक समस्याओं को भी मुद्दा बनाया। अंत में उन्होंने लोगों से अपील की कि नगर निगम चुनाव में कांग्रेस का समर्थन करें, ताकि सोनीपत का समुचित विकास सुनिश्चित किया जा सके।
इस दौरान सुरेंद्र शर्मा, रोशन शर्मा, बिजेंद्र मलिक, दयानंद बाल्मीकि, बिजेंद्र, राकेश मदान, अनिल रोहिल्ला, सतपाल, सूर्या दहिया सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
