सोनीपत: डा. अंबेडकर जयंती में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी होंगे: राज कुमार कटारिया
सोनीपत: अंबेडकर जयंती कार्यक्रम समिति के सह संयोजक राजकुमार कटारिया पत्रकारों से बात करते हुए।
सोनीपत, अजीत कुमार। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता तथा अंबेडकर जयंती कार्यक्रम समिति के सह संयोजक राजकुमार कटारिया ने बताया कि 14 अप्रैल को डा. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर पंचकूला में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि रहेंगे। उन्होंने कहा कि जयंती के अवसर पर पूरे सप्ताह समाज सेवा और जनजागरण से जुड़े कार्यक्रम चलाए जाएंगे।
पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में पत्रकारों से शुक्रवार को बात करते हुए कटारिया ने बताया कि जिला स्तर पर स्वच्छता अभियान, संगोष्ठी और दीपोत्सव के माध्यम से बाबा साहेब को श्रद्धांजलि दी जाएगी। 13 अप्रैल को कार्यकर्ता अंबेडकर प्रतिमाओं के आसपास स्वच्छता अभियान चलाएंगे और सायं दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा। 14 अप्रैल को जनप्रतिनिधि और प्रमुख नेता प्रतिमाओं तथा चित्रों पर माल्यार्पण करेंगे और समाज के साथ मिलकर मिष्ठान वितरित करेंगे। प्रत्येक बूथ और पार्टी कार्यालय पर अंबेडकर के व्यक्तित्व और कृतित्व पर चर्चा होगी तथा संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराया जाएगा।
कटारिया ने बताया कि बस्तियों और छात्रावासों में विशेष संपर्क अभियान चलाकर समाज के गणमान्य व्यक्तियों का सम्मान किया जाएगा। प्रत्येक जिला मुख्यालय पर संगोष्ठी आयोजित कर वंचित समाज के बुद्धिजीवियों तथा अनुकरणीय कार्य करने वाले दलित समाज के लोगों को सम्मानित किया जाएगा।
प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी करेंगे, जबकि मंत्री कृष्ण पंवार भी उपस्थित रहेंगे। तैयारियों के लिए प्रदेश स्तरीय समिति गठित की गई है, जिसमें कृष्ण बेदी संयोजक और अनूप धानक, सत्य प्रकाश जरावता, मख्खन सिंह तथा राजकुमार कटारिया सह संयोजक हैं। उन्होंने बताया कि संविधान निर्माण में अंबेडकर का योगदान अमूल्य है। केंद्र सरकार ने अंबेडकर सम्मान में पंचतीर्थ स्थापित किए हैं और अनुसूचित जाति वर्ग के लिए चल रही योजनाओं को वंचित समाज तक पहुंचाने का कार्य जारी है। कार्यक्रम में पूर्व मेयर राजीव जैन, जिला मीडिया प्रभारी दिनेश अत्री, एससी मोर्चा के जिला अध्यक्ष शमशेर तूफान भी मौजूद रहे।
