सोनीपत: नशा कारोबार पर नजर हर मेडिकल स्टोर पर सीसीटीवी जरुरी
सोनीपत: उपायुक्त नेहा सिंह सभी एसडीएम व अन्य अधिकारियों को निर्देश देते हुए ।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत उपायुक्त नेहा सिंह ने नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में ठोस साक्ष्यों के आधार पर मजबूत पैरवी की जाए ताकि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिल सके। नशा समाज के लिए गंभीर अभिशाप है और इसे जड़ से समाप्त करने के लिए प्रशासन, पुलिस और आमजन को मिलकर प्रयास करने होंगे। लघु सचिवालय में शुक्रवार को आयोजित बैठक में दिए गए।
उपायुक्त ने कहा कि जिले के हर मेडिकल स्टोर पर नशीली दवाओं की बिक्री की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाए जाएं। नियमों का पालन न करने वाले स्टोर संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नियमित निरीक्षण कर अनियमितता मिलने पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और नशे में प्रयोग होने वाली दवाओं की अवैध बिक्री पर रोक लग सके।
सभी एसडीएम को निर्देश दिए गए कि वे अपने क्षेत्र के नशामुक्ति केन्द्रों की सुविधाओं, उपचार व्यवस्था, चिकित्सकीय देखरेख और पुनर्वास सेवाओं की निरंतर जांच करें। नियमों की अनदेखी पाए जाने पर तुरंत सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि जरूरतमंद लोगों को सुरक्षित वातावरण और बेहतर उपचार मिल सके। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक करने के लिए स्कूलों और कॉलेजों में नियमित कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए। विशेषज्ञों के माध्यम से सेमिनार, कार्यशालाएं और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पुलिस को शिक्षण संस्थानों के आसपास विशेष निगरानी रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में चिन्हित अपराधों की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों में मजबूत पैरवी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। इस अवसर पर लक्षित सरीन, नरेन्द्र सिंह, निर्मल नागर, सुभाष चंद्र, प्रवेश कादियान, अनमोल और दीपक हुड्डा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
