सोनीपत: महिला सशक्तिकरण पर भाजपा ने नई दिशा दी है: वैशाली तोमर
सोनीपत: भारतीय जनता पार्टी प्रदेश प्रवक्ता वैशाली तोमर पत्रकारों से बात करते हुए।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत के लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता वैशाली तोमर ने रविवार को महिला सशक्तिकरण को लेकर केंद्र व हरियाणा सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि पंचायती राज संस्थाओं और स्थानीय निकायों में 33 प्रतिशत आरक्षण से महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी मजबूत हुई है। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान से बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान को नया बल मिला है। सरकार की योजनाओं का लाभ गांव से शहर तक बड़ी संंख्या में महिलाओं तक पहुंचा है।
प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि सखी वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से पीड़ित महिलाओं को एक ही स्थान पर कानूनी, चिकित्सीय और परामर्श सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उज्ज्वला योजना के जरिए महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली और उनके स्वास्थ्य में सुधार हुआ। लाडली योजना सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से बेटियों को आर्थिक संंबल प्रदान किया गया है।
उन्होंने बताया कि नारी शक्ति वंदन अभियान महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और जागरूकता के लिए व्यापक जनअभियान है। इसके अंतर्गत महिलाओं की सामाजिक और राजनीतिक भागीदारी को बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। महिलाओं की सहभागिता बढ़ाने के लिए 9667173333 सहायता क्रमांक जारी किया गया है, जिस पर मिस्ड कॉल देकर महिलाएं अपने अधिकार और चुनावों में भागीदारी से जुड़ी जानकारी दर्ज करा सकती हैं।
इस अवसर पर जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष मोनिका दहिया, जिला मीडिया प्रभारी दिनेश अत्री, जिला महिला महामंत्री कविता शर्मा, स्वास्तिक आर्या, सीमा प्रदीप संबोली, रेखा वशिष्ठ, शीला लाकड़ा, मीनू सैनी और बबीता जिंदल सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
