March 30, 2026

सोनीपत: कष्ट निवारण समिति में 17 में से 11 शिकायतों का हुआ समाधान

Sonipat: 11 out of 17 complaints resolved in Grievance Redressal Committee

सोनीपत: राज्यमंत्री गौरव गौतम कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक में सुनवाई करते हुए।

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक में युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता राज्यमंत्री गौरव गौतम ने कहा कि सरकार आम नागरिकों की शिकायतों के समाधान को लेकर कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बैठक में आई प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए और लंबित मामलों को तय समय सीमा में समाप्त करना सुनिश्चित करें।

सोमवार को आयोजित बैठक में कुल 17 शिकायतों पर सुनवाई हुई, जिनमें से 11 का मौके पर समाधान किया गया। राज्यमंत्री ने कहा कि समिति जनता और प्रशासन के बीच मजबूत सेतु का कार्य कर रही है, जिससे लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो रहा है। उन्होंने विभागों को जनहित के मामलों में तत्परता और पारदर्शिता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन का विश्वास और मजबूत हो।

Sonipat: 11 out of 17 complaints resolved in Grievance Redressal Committee
सोनीपत: कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक में अपनी समस्याओं को लेकर आए लोग।

गढ़ी ब्राह्मणान निवासी गौरव की निजी अस्पताल से संबंधित शिकायत पर उपायुक्त को स्वयं जांच करने के निर्देश दिए गए। जांच में किसी प्रकार की कमी मिलने पर अस्पताल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। गांव खेवड़ा निवासी मुकेश की पैतृक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने संबंधी शिकायत पर पुलिस अधिकारियों को संबंधित लोगों को बुलाकर समझाने और रोकने वालों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

गांव कुराड़ निवासी दर्शना देवी की स्कूल द्वारा गबन की शिकायत पर अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में कमेटी गठित कर अगली बैठक तक रिपोर्ट देने को कहा गया। गांव रोहट में शामलात भूमि पर अवैध कब्जे हटाने की शिकायत पर एसडीएम को जांच के निर्देश दिए गए। गांव कासंडी निवासी मीना की भूमि पर कब्जे की शिकायत पर मौके का मुआयना कर कब्जा हटाने को कहा गया।

एक निजी कंपनी के खिलाफ खाद्य वस्तुओं से जुड़ी शिकायत पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी को एमओयू और उत्पादों की जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए। इस मौके पर विधायक निखिल मदान, पुलिस आयुक्त ममता सिंह, उपायुक्त नेहा सिंह, नगर निगम आयुक्त हर्षित कुमार, अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन, एसडीएम सुभाष चंद्र, जिला परिषद की चेयरपर्सन मोनिका दहिया, भाजपा जिलाध्यक्ष सोनीपत अशोक भारद्वाज, सहित सभी एसीपी व अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।

About The Author