February 11, 2026

सोनीपत: खरखौदा में अवैध कालोनियों चला पीला पंजा

Sonepat: Yellow paw on illegal colonies in Kharkhoda

सोनीपत: अवैध निर्माण पर कार्रवाई करते हुए।

सोनीपत, अजीत कुमार। जिले में अवैध कॉलोनियों के निर्माण पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त सुशील सारवान के निर्देशानुसार जिला नगर योजनाकार विभाग द्वारा शुक्रवार व शनिवार को प्रारंभिक चरण में ही ध्वस्त करने का अभियान चलाया जा रहा है, ताकि नियमों का उल्लंघन कर विकसित की जा रही कॉलोनियों पर समय रहते कार्रवाई हो सके।

इसी क्रम में शुक्रवार को जिला नगर योजनाकार अजमेर सिंह के नेतृत्व में विभाग की प्रवर्तन टीम ने खरखौदा क्षेत्र की राजस्व सम्पदा में बड़ी कार्रवाई की। टीम ने खांड़ा बाईपास पर रोहतक रोड से सटी लगभग छह एकड़ भूमि तथा सोनीपत-झज्जर रोड पर गोपालपुर अंडरपास के निकट लगभग तीन एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त किया। इस दौरान 10 डीपीसी तथा कच्चे सड़क नेटवर्क को पूरी तरह हटाया गया।

जिला नगर योजनाकार ने स्पष्ट किया कि जिले में किसी भी अवैध कॉलोनी के निर्माण की अनुमति नहीं है। यदि कोई व्यक्ति नियमों के विरुद्ध कॉलोनी विकसित करता पाया गया तो उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। विभाग द्वारा जिले के सभी क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने आमजन से अपील की कि अवैध कॉलोनियों में भूखंड न खरीदें, क्योंकि इनमें सड़क, पानी, सीवरेज और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जातीं। भूखंड खरीदने से पहले यह सुनिश्चित करें कि कॉलोनी विधिवत स्वीकृत है।

About The Author