सोनीपत: नेशनल हाइवे 44 पर स्कूटी सवार दो दोस्तों की मौत
सोनीपत: मृतक उत्तम कुमार व मोहित की फाईल फोटो।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत के कुंडली थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के हुए सड़क हादसे ने दो परिवारों को दो लाल हादसे में मौत का निवाला बन गए। नेशनल हाईवे-44 पर अंसल प्लाजा के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार दो युवकों को टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब दोनों जिम से व्यायाम कर अपने घर लौट रहे थे।
उत्तम के पिता लालू शाह ने बताया कि बहालगढ़ की इंदिरा कॉलोनी निवासी 23 वर्षीय मोहित और बढ़मलिकपुर स्थित दुर्गा कॉलोनी निवासी 24 वर्षीय उत्तम तड़के पार्कर मॉल स्थित जिम में व्यायाम करने गए थे। रोज की तरह सुबह दोनों एक ही स्कूटी पर सवार होकर लौट रहे थे। जब वे नेशनल हाईवे-44 पर अंसल प्लाजा के निकट पहुंचे, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर जा गिरे और दम तोड़ दिया। उत्तम के सिर पर गंभीर चोट आई, जिससे उसकी पहचान तक कठिन हो गई।
मोहित मूल रूप से उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के वजूला गांव का रहने वाला था। वह करीब 20 वर्षों से परिवार के साथ सोनीपत में रह रहा था और जठेड़ी गांव के एक निजी विद्यालय में अध्यापक के रूप में कार्यरत था। वह परिवार का इकलौता और अविवाहित बेटा था। उत्तम परचून की दुकान चलाता था और परिवार का सबसे छोटा बेटा था। दोनों की दोस्ती बचपन से थी। उन्होंने राई क्षेत्र के असावरपुर गांव में पहली कक्षा से साथ पढ़ाई की और हर पड़ाव साथ तय किया।
सूचना मिलते ही कुंडली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। शवों का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे निगरानी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए आरोपी की तलाश में कार्रवाई जारी है। हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
