February 11, 2026

सोनीपत क्राइम: आईआईआईटी कैंपस लूट मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार

Sonepat: Three accused arrested in IIIT campus robbery case

सोनीपत: लूट मामले में गिरफ्तार तीन आरोपी।

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत जिले के किलोहड़द गांव स्थित भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान परिसर में हथियारबंद बदमाशों द्वारा की गई लूट की वारदात के मामले में पुलिस ने बुधवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी उत्तर प्रदेश के निवासी बताए गए हैं। इस घटना ने संस्थान की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सहायक पुलिस आयुक्त क्राइम राजपाल ने मिनी सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में पत्रकारों को बताया कि नकाबपोश बदमाश एक वाहन में सवार होकर संस्थान परिसर में दाखिल हुए थे। परिसर में निर्माण कार्य की सुरक्षा के लिए तैनात सुरक्षाकर्मियों को पिस्तौल दिखाकर डराया गया और उन्हें बंधक बना लिया गया। बदमाशों ने सभी सुरक्षाकर्मियों के हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए और उन्हें निर्माणाधीन मीटिंग कक्ष में बंद कर दिया। इसके बाद आरोपी प्रशासनिक ब्लॉक में स्थित स्टोर तक पहुंचे और ताला तोड़कर वहां रखा कीमती सामान लूट लिया।

लूटे गए सामान में चार एमएम बिजली फिटिंग से संबंधित 17 पेटी तार शामिल हैं, जिनकी कीमत लगभग सात लाख रुपये बताई जा रही है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सुबह जब कैंपस में चालक और गार्ड जांच प्रभारी पहुंचे तो उन्हें कोई भी सुरक्षाकर्मी अपनी निर्धारित जगह पर नहीं मिला। तलाश के दौरान सभी सुरक्षाकर्मी मीटिंग कक्ष में बंधे हुए मिले। उन्हें मुक्त कराने के बाद संस्थान प्रबंधन को सूचना दी गई और इसके बाद पुलिस को अवगत कराया गया।

सोनीपत की विशेष एंटी गैंगस्टर इकाई की टीम ने जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। संस्थान परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है।

About The Author