February 28, 2026

सोनीपत क्राइम: गन्नौर में पुरानी रंजिश, गाेहाना में पैसों के विवाद में हमले

Sonepat: Old rivalry in Ganaur, attacks in Gohana over monetary dispute

सोनीपत: संजय खानपुर में उपचार के दौरान।

  • -केस दर्ज घायलों को खानपुर कलां स्थित चिकित्सा महाविद्यालय भर्ती किया

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत जिले में अलग–अलग स्थानों पर दो युवकों पर जानलेवा हमले की घटनाएं सामने आई हैं। एक मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा है, जबकि दूसरा पैसों के लेनदेन के विवाद से संबंधित है। दोनों घायलों को गंभीर हालत में खानपुर कलां स्थित चिकित्सा महाविद्यालय में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामलों में मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहली घटना गन्नौर क्षेत्र के गांव बेगा की है। गांव निवासी संजय ने थाना गन्नौर में दी शिकायत में बताया कि देर रात वह अपने चाचा के घर से मोटरसाइकिल पर लौट रहा था। रास्ते में गांव के ही रवि, अजीत और उनकी पत्नियों ने उसे रोक लिया। संजय के अनुसार, कई वर्ष पहले उसने रवि का विवाह करवाया था, जिसके बाद से वह उस पर संदेह करता था और उसे गली से निकलने पर भी धमकियां देता था।

शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने बिना उकसावे के हमला कर दिया। अजीत ने पीछे से लोहे की रॉड से वार किया, जबकि रवि ने डंडे से प्रहार किए। मारपीट के दौरान संजय जमीन पर गिर पड़ा। आरोप है कि इसके बाद उसे जान से मारने का प्रयास किया गया। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और उसे छुड़ाया। गंभीर हालत में उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गन्नौर ले जाया गया, जहां से खानपुर कलां रेफर कर दिया गया। पुलिस ने बयान के आधार पर मामला दर्ज कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।

दूसरी घटना गोहाना के गांव महमूदपुर की है। गांव निवासी अमित ने थाना सदर गोहाना में शिकायत दी कि उसने एक माह पहले राहुल को अपनी गाड़ी बेची थी, जिसके 10 हजार रुपये बाकी थे। सुबह राहुल ने पैसे देने के बहाने उसे घर बुलाया। अमित अपने चचेरे भाई हिमांशु के साथ वहां पहुंचा।

आरोप है कि घर पहुंचते ही राहुल ने गाली–गलौज कर गंडासी से सिर पर दो–तीन वार कर दिए। अमित गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। उसे पहले नागरिक अस्पताल गोहाना और बाद में खानपुर कलां भेजा गया। चिकित्सकीय रिपोर्ट में तेजधार हथियार से चोट की पुष्टि हुई है। दोनों मामलों में पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

About The Author