February 11, 2026

सोनीपत: केसीएल चौथा दिन, रोहतक की पहली जीत, हिसार का दमदार पलटवार

Sonepat: KCL Day 4, Rohtak's first win, Hisar's strong comeback

सोनीपत: कबड्डी चैंपियंस लीग के चौथे दिन खेल का प्रदर्शन करते हुए खिलाड़ी। ओलंपिक कांस्य पदक विजेता पहलवान योगेश्वर दत्त पत्रकारों से बात करते हुए।

  • कबड्डी को आधुनिक, पेशेवर पहचान प्रदान कर रही हैं : योगश्वर दत्त
  • रेडर ऑफ द मैच: पानीपत 7 पैंथर्स के नरेंद्र कंडोला, डिफेंडर ऑफ द मैचः हिसार हीरोज के नितेश कुमार
  • बेस्ट रेडरः रोहतक रॉयल्स के मिलन दहिया, बेस्ट डिफेंडर: फरीदाबाद फाइटर्स के योगेश रहे

सोनीपत, अजीत कुमार। कबड्डी चैंपियंस लीग के चौथे दिन दर्शकों को एक ही दिन में दो अलग लेकिन बेहद रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। जहां रोहतक रॉयल्स ने सत्र की अपनी पहली जीत दर्ज कर अभियान को नई दिशा दी, वहीं हिसार हीरोज ने जबरदस्त वापसी करते हुए उच्च स्कोरिंग मुकाबले में पानीपत पैंथर्स को शिकस्त दी।

दिन के पहले मुकाबले में रोहतक रॉयल्स ने फरीदाबाद फाइटर्स को 38-24 से हराया। मुकाबले की शुरुआत संतुलित रही और फरीदाबाद ने रोहित गुलिया के नेतृत्व में शुरुआती बढ़त बनाई। मध्यांतर तक फरीदाबाद 13 -11 से आगे था। दूसरे चरण में रोहतक ने आक्रमण और रक्षा दोनों में तीव्रता बढ़ा दी। मिलान दहिया ने शानदार रेडिंग करते हुए सुपर 10 पूरा किया, जबकि अंकित राणा की अहम रेड्स के दबाव में फरीदाबाद को कई बार ऑलआउट का सामना करना पड़ा। फरीदाबाद की ओर से योगेश ने हाई फाइव लगाया, लेकिन समग्र प्रदर्शन में रोहतक ने नियंत्रण बनाए रखते हुए मुकाबला अपने नाम किया।

इसके बाद खेले गए दूसरे मुकाबले में हिसार हीरोज ने पानीपत पैंथर्स को 47- 43 से हराया। पानीपत ने मीतू शर्मा और नरेंद्र कंडोला के दम पर तेज शुरुआत की और शुरुआती ऑलआउट से बढ़त बनाई। हिसार की ओर से आशु मलिक और मनप्रीत ने टीम को मुकाबले में बनाए रखा। कंडोला ने मध्यांतर से पहले सुपर 10 पूरा किया और दोनों टीमें 25-25 की बराबरी पर पहुंचीं।

अंतिम चरण में बढ़त लगातार बदलती रही। निर्णायक क्षणों में आशु मलिक की सुपर रेड से पानीपत ऑलआउट हुआ, जबकि नितेश कुमार के नेतृत्व में हिसार की रक्षा पंक्ति ने दबाव में शानदार संयम दिखाया। अंततः हिसार ने संतुलित खेल के दम पर यादगार जीत दर्ज की। रेडर ऑफ द मैच: पानीपत 7 पैंथर्स के नरेंद्र कंडोला, डिफेंडर ऑफ द मैचः हिसार हीरोज के नितेश कुमार जबकि बेस्ट रेडरः रोहतक रॉयल्स के मिलन दहिया, बेस्ट डिफेंडर: फरीदाबाद फाइटर्स के योगेश रहे।

Sonepat: KCL Day 4, Rohtak's first win, Hisar's strong comeback
सोनीपत: कबड्डी चैंपियंस लीग के चौथे दिन खेल का प्रदर्शन करते हुए खिलाड़ी। ओलंपिक कांस्य पदक विजेता पहलवान योगेश्वर दत्त पत्रकारों से बात करते हुए।

ओलंपिक कांस्य पदक विजेता और कुश्ती के दिग्गज योगेश्वर दत्त ने कबड्डी चैंपियंस लीग की प्रशंसा की। दर्शक दीर्घा से मुकाबले देखते हुए उन्होंने खेल की तीव्रता, खिलाड़ियों की फिटनेस और प्रतिस्पर्धात्मक स्तर को प्रभावशाली बताया। दत्त ने कहा कि कबड्डी अब तेज़ और रणनीतिक खेल के रूप में उभर रही है, जिसमें आक्रामकता और अनुशासन का संतुलन दिखाई देता है। उन्होंने लीग को खिलाड़ियों के लिए निरंतर अवसर, अनुभव और प्रेरणा देने वाला मंच बताया। दत्त के अनुसार, ऐसी लीग भारतीय खेल ढांचे को मजबूत करती हैं, छोटे शहरों के युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर देती हैं और कबड्डी को आधुनिक, पेशेवर पहचान प्रदान कर रही हैं।

About The Author