सोनीपत क्राइम: राष्ट्रीय राजमार्ग 44 के पास अर्धजला शव मिला
सोनीपत: जला हुआ शव मिला मृतक की शिनाख्त नहीं।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत जिले के कुंडली क्षेत्र में दिल्ली-पानीपत राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 44 के निकट एक अज्ञात व्यक्ति का अर्धजला शव शनिवार को मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव प्याऊ मनयारी के पास स्थित शराब के ठेके के पीछे पड़ा मिला। राहगीरों की सूचना पर स्थानीय लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की आयु लगभग 45 वर्ष बताई गई है। शव जला हुआ था, जिससे पहचान कर पाना कठिन हो रहा है। घटनास्थल से किसी प्रकार का पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज बरामद नहीं हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल भिजवाया है, जहां परीक्षण के बाद मृत्यु के कारणों का पता लगाया जाएगा।
स्थल से एक पानी की बोतल और एक शराब की बोतल मिली है। पुलिस ने दोनों वस्तुओं को साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया है। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है। यह दुर्घटना है या सुनियोजित घटना, इस पर जांच जारी है। आवश्यक होने पर वस्तुओं की एफएसएल जांच कराई जाएगी।
स्थानीय दुकानदारों के अनुसार मृतक एक दिन पूर्व आसपास की दुकान से पानी की बोतल खरीदकर गया था। उस समय वह अकेला था और किसी प्रकार का विवाद सामने नहीं आया। इसके बाद वह ठेके के पीछे कैसे पहुंचा, यह स्पष्ट नहीं हो सका है।
सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और आसपास के लोगों से पूछताछ की। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है, ताकि मृतक की गतिविधियों का पता लगाया जा सके। अब तक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के लापता होने की जानकारी हो, तो तुरंत सूचना दें।
