सोनीपत: खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने गैस एजेंसियों का जांचा रिकार्ड, रिकार्ड मिला दुरुस्त, सप्लाई भी सामान्य
सोनीपत: गन्नौर गैस एजेंसी के गोदाम का निरीक्षण करते खंड खाद्य एवं आपूर्ति विभाग अधिकारी हरेंद्र भनवाला व उनकी टीम।
गन्नौर, अजीत कुमार। खंड खाद्य एवं आपूर्ति विभाग अधिकारी हरेंद्र भनवाला ने अपनी टीम के साथ गन्नौर क्षेत्र की चार एलपीजी गैस एजेंसियों व उनके गोदामों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने स्टॉक रजिस्टर के अनुसार खाली और भरे हुए गैस सिलिंडरों की गिनती कर मिलान किया। जांच के दौरान सभी एजेंसियों पर रिकार्ड पूरी तरह से दुरुस्त पाया गया और कहीं भी अनियमितता सामने नहीं आई।
हरेंद्र भनवाला ने बताया कि विभाग द्वारा समय-समय पर इस तरह की जांच की जा रही है ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और गैस वितरण प्रणाली पारदर्शी बनी रहे। उन्होंने कहा कि गन्नौर क्षेत्र में घरेलू गैस सिलिंडर की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बुकिंग के बाद अधिकतम दो दिनों के भीतर उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।
विभाग की ओर से एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे रिकार्ड को अपडेट रखें और उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित समाधान करें। विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे सिलेंडरों का स्टॉक न करें। यदि किसी प्रकार की गड़बड़ी तो तुरंत संबंधित विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
