April 2, 2026

सोनीपत क्राइम: फ्री स्टॉक मार्केट सिखाने के नाम पर साइबर ठगी गिरोह

Sonepat Cyber ​​fraud gang in the name of teaching free stock market

सोनीपत: गिरफ्तार साइबर ठग।

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत पुलिस ने फ्री में स्टॉक मार्केट सिखाने के नाम पर पैसा कमाने का लालच देकर 10 लाख 14 हजार 22 रुपये की साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के तीन आरोपियों को पुलिस ने बाड़मेर राजस्थान से गिरफ्तार किया है। आरोपियों से दो हजार रुपये नगद बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपी गुरुवार को न्यायालय में पेश किए गए, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस आयुक्त ममता सिंह ने बताया कि पुलिस उपायुक्त पश्चिम एवं साइबर कुशल पाल सिंह के नेतृत्व में थाना साइबर सोनीपत की टीम ने यह सफलता हासिल की। आरोपियों के नाम राजस्थान के बालोतरा निवासी होता राम, बालोतरा निवासी जेठू सिंह तथा बालोतरा निवासी किशना राम हैं। तीन मार्च 2025 को नरेन्द्र नगर निवासी पंकज ने थाना साइबर सोनीपत में शिकायत दी कि एक फरवरी 2025 को उसके मोबाइल पर एक टेलीग्राम चैनल के माध्यम से फ्री में स्टॉक मार्केट सीखने का निमंत्रण मिला। ठगों ने स्वयं को बहुउद्देश्यीय कम्पनी बताकर पैसे निवेश करने पर रकम दोगुनी और बाद में तीन गुनी करने का लालच दिया। टेलीग्राम पर लिंक भेजकर खाता बनवाया गया और लगातार निवेश करने के लिए प्रेरित किया गया। जांच में सामने आया कि फर्जी वेबसाइट और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर खुलवाए गए खातों के माध्यम से ठगी की गई। इस मामले में केस दर्ज किया गया।

प्रबंधक निरीक्षक बसंत कुमार के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी जांच और छापेमारी कर तीनों आरोपियों को बाड़मेर राजस्थान से गिरफ्तार किया। आरोपियों से दो हजार रुपये नगद बरामद किए गए। रिमांड अवधि के बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर गुरुवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

सोनीपत पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, कॉल या संदेश पर विश्वास न करें। निवेश या ट्रेडिंग से जुड़े प्रस्तावों की स्वयं जांच करें और केवल आधिकारिक तथा विश्वसनीय प्लेटफॉर्म का उपयोग करें। अधिक मुनाफे के झांसे में न आएं। साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

About The Author