कबड्डी चैंपियंस लीग सोनीपत: कबड्डी चैंपियंस लीग में भिवानी बुल्स ने गुरुग्राम गुरुस को हराया
सोनीपत: बेस्ट रेडर भिवानी बुल्स के देवांक दलाल।
- देवांक दलाल को बेस्ट रेडर और हितेश को बेस्ट डिफेंडर
सोनीपत, अजीत कुमार। कबड्डी चैंपियंस लीग में भिवानी बुल्स ने दमदार आक्रमण और सधी हुई रक्षा के बल पर गुरुग्राम गुरुस को 62–34 से पराजित कर एकतरफा जीत दर्ज की। सोनीपत में खेले गए इस मुकाबले में भिवानी के स्टार रेडर देवांक दलाल पूरी तरह छाए रहे और उनकी तूफानी रेड्स ने मैच की दिशा शुरू से ही तय कर दी। देवांक दलाल को बेस्ट रेडर और हितेश को बेस्ट डिफेंड
मैच की शुरुआत दोनों टीमों के बीच बराबरी के संघर्ष से हुई, लेकिन जल्द ही भिवानी बुल्स ने लय पकड़ ली। शुरुआती दौर में भिवानी ने 7–4 की बढ़त बनाई। देवांक दलाल ने लगातार सफल रेड्स करते हुए गुरुग्राम की रक्षा पंक्ति को दबाव में ला दिया। भिवानी की मजबूत डिफेंस ने पहला ऑल-आउट दिलाकर टीम को निर्णायक बढ़त दिलाई।
देवांक दलाल ने 11वीं रेड में ही सुपर-10 पूरा किया और स्कोर 24–13 तक पहुंचा दिया। पहले हाफ के अंत तक गुरुग्राम को दूसरा ऑल-आउट झेलना पड़ा और ब्रेक पर भिवानी बुल्स 25–15 से आगे रही। दूसरे हाफ में भी भिवानी का दबदबा कायम रहा। देवांक की अगुआई में टीम ने लगातार रेड्स कीं, जबकि डिफेंस ने गुरुग्राम को बार-बार ऑल-आउट की स्थिति में पहुंचाया। गुरुग्राम की ओर से मनप्रीत ने सुपर-10 पूरा किया, लेकिन टीम दबाव से उबर नहीं सकी। भिवानी ने चौथा ऑल-आउट दिलाकर स्कोर 50 अंकों के पार पहुंचाया और लीग में यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली टीम बनी।
अंत में भव्य की सफल रेड के साथ मुकाबला 62–34 पर समाप्त हुआ। देवांक दलाल को बेस्ट रेडर और हितेश को बेस्ट डिफेंडर चुना गया।
अंकों के आंकड़ों पर नजर डालें तो रेड अंक में भिवानी 34–26 से आगे रही। टैकल अंक 17–5 रहे। एक्स्ट्रा अंक दोनों टीमों को 1–1 मिले, जबकि ऑल-आउट अंकों में भिवानी ने 10–2 से भारी बढ़त बनाई।
