सोनीपत: खेलकृद विद्यालय राई के लिए 442 प्रतिभाओं ने दी परीक्षा
सोनीपत: परीक्षा के दौरान अधिकारी निरीक्षण करते हुए।
- फिजीकल में 1302, लिखित में 442 ने परीक्षा दी इनमें 130 का चयन होगा
सोनीपत, अजीत कुमार। मोतीलाल नेहरू खेलकूद विद्यालय, राई में कक्षा 5, 6, 8, 9 और 11 में प्रवेश के लिए रविवार को लिखित प्रवेश परीक्षा सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। परीक्षा शांतिपूर्ण, अनुशासित और निष्पक्ष वातावरण में आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने भाग लिया। विद्यालय प्रशासन ने परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने पर विशेष ध्यान दिया।
इससे पहले 15, 16 और 17 फरवरी को शारीरिक परीक्षण आयोजित किया गया था, जिसमें 1302 विद्यार्थियों ने भाग लिया। शारीरिक परीक्षण में सफल अभ्यर्थियों में से 442 विद्यार्थियों को लिखित परीक्षा के लिए अवसर दिया गया। अब इन अभ्यर्थियों में से लगभग 130 विद्यार्थियों का अंतिम चयन किया जाएगा।
इस वर्ष परीक्षा प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए विशेष निर्णय लिया गया। कुलपति अशोक कुमार तथा प्रधानाचार्य रामधारी शर्मा के निर्देशानुसार पहली बार सभी प्रश्न पत्र भिवानी शिक्षा बोर्ड से तैयार करवाए गए। इस पहल का उद्देश्य चयन प्रक्रिया में पूर्ण निष्पक्षता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करना रहा, ताकि किसी भी प्रकार की शंका की गुंजाइश न रहे। प्रश्न पत्रों की कोडिंग भी अत्यन्त सावधानी और गोपनीयता के साथ सम्पन्न करवाई गई। यह पूरी प्रक्रिया प्रधानाचार्य एवं निदेशक रामधारी शर्मा की देखरेख में सम्पन्न हुई, जिससे पारदर्शिता और सुरक्षा दोनों सुनिश्चित रहीं।
कुलपति अशोक कुमार ने कहा कि विद्यालय का लक्ष्य केवल प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन करना ही नहीं, बल्कि चयन प्रक्रिया को पूर्णतः निष्पक्ष और पारदर्शी बनाना भी है। उन्होंने बताया कि भिवानी बोर्ड से प्रश्न पत्र तैयार करवाना इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जिससे अभ्यर्थियों का विश्वास और मजबूत होगा। विद्यालय प्रशासन ने परीक्षा के सफल आयोजन पर संतोष व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार की पारदर्शी व्यवस्था अपनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
