सोनीपत: समाधान शिविर में 33 शिकायतें, अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई निर्देश
सोनीपत: समाधान शिविर में सुनवाई करते हुए अधिकारी।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत लघु सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर में गुरुवार को सोनीपत, गन्नौर, खरखौदा के शिविरों में 33 शिकायतें आई है। अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समाधान समयबद्ध तरीके से कर शिकायतकर्ता की संतुष्टि अवश्य सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
शिविर में कुल 23 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें अवैध कब्जा हटवाने, बिजली लाइन से जुड़े मुआवजे, वृद्धावस्था पेंशन तथा परिवार पहचान पत्र में त्रुटि सुधार से संबंधित मामले प्रमुख रहे। गांव झुंडपुर के ग्रामीणों ने फिरनी पर अवैध रूप से ईंट बनाने की शिकायत दी, जिससे प्रदूषण फैलने और स्वास्थ्य पर असर पड़ने की बात कही गई। इस पर अतिरिक्त उपायुक्त ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग तथा प्रदूषण नियंत्रण विभाग को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।
खरखौदा में आयोजित शिविर में उपमंडल अधिकारी निर्मल नागर की अध्यक्षता में छह शिकायतें आईं। इनमें बिजली का खंभा गलत स्थान पर लगाने, ट्रांसफार्मर बदलवाने, अवैध कब्जे हटवाने, परिवार पहचान पत्र सुधार तथा स्वामित्व योजना से जुड़े मुद्दे शामिल रहे। सभी मामलों में संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए गए।
गन्नौर में उपमंडल अधिकारी प्रवेश कादियान की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में चार शिकायतें दर्ज हुईं। इनमें अवैध कब्जा हटवाने और परिवार पहचान पत्र में त्रुटि सुधार के मामले प्रमुख रहे। सभी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अधिकारियों को समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
शिविरों में प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति रही और सभी शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।
