कांग्रेस को झटका: सोनीपत में सैकड़ों लोगों ने छोड़ी कांग्रेस, भाजपा में हुए शामिल
पार्टी ज्वाइन करवाते भाजपा अध्यक्ष मोहनलाल बड़ोली।
सोनीपत। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने रविवार को सोनीपत के वार्ड नंबर-1 स्थित प्रजापति धर्मशाला, जटवाड़ा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस छोड़कर आए सैकड़ों लोगों को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता दिलाई। महेश प्रजापति की अगुवाई में भाजपा में शामिल हुए लोगों का बड़ौली ने पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया और उन्हें संगठन में पूरा मान-सम्मान देने का भरोसा दिलाया। इस मौके पर नए कार्यकर्ताओं ने भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर पार्टी को मजबूत करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
कार्यकर्ता ही भाजपा की रीढ़
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है और कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत होते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता जनता और संगठन के बीच सेतु का कार्य करते हैं और हर समय लोगों के सुख-दुख में साथ खड़े रहते हैं। यही सेवा और समर्पण भाजपा कार्यकर्ताओं की पहचान है।
नायब सैनी सरकार का फोकस लोककल्याण
बड़ौली ने कहा कि हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी लोककल्याण के संकल्प के साथ काम कर रहे हैं। सरकार बिना भेदभाव के सभी वर्गों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि युवाओं को योग्यता के आधार पर रोजगार मिल रहा है और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
गरीब और महिलाओं के लिए योजनाएं
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि आयुष्मान और चिरायु योजना के तहत गरीबों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है। वहीं, महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर और लाड़ो लक्ष्मी योजना के तहत हर माह 2100 रुपये की सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियां गरीब, किसान, युवा और महिलाओं को सशक्त बनाने पर केंद्रित हैं।
भाजपा को मजबूत करने का आह्वान
बड़ौली ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की योजनाओं और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं। कार्यक्रम में विधायक पवन खरखौदा, जिला महामंत्री तरुण देवीदास, प्रदेश प्रवक्ता राजकुमार कटारिया सहित कई पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
