January 7, 2026

डीसीआरयूएसटी मुरथल: अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय कुश्ती में डीसीआरयूएसटी के सात पहलवान

Seven wrestlers from DCRUST in All India Inter University Wrestling

सोनीपत: अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए डीसीआरयूएसटी के सात पहलवान।

सोनीपतदीनबंधु छोटू राम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मुरथल के लिए यह उपलब्धि का अवसर है कि विश्वविद्यालय के सात पहलवान अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय कुश्ती प्रतियोगिता में भाग लेने जा रहे हैं। यह प्रतियोगिता 5 से 9 जनवरी तक चंडीगढ़ विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ में आयोजित होगी, जिसमें देशभर के विश्वविद्यालयों के चयनित पहलवान प्रतिभा और शक्ति का प्रदर्शन करेंगे।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार चयनित पहलवानों का चयन उनके निरंतर अभ्यास, अनुशासन और प्रतियोगितात्मक प्रदर्शन के आधार पर हुआ है। ये खिलाड़ी फ्री स्टाइल और ग्रीको रोमन दोनों कुश्ती वर्गों में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह चयन विश्वविद्यालय की खेल परंपरा को सुदृढ़ करता है, बल्कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने वाले खिलाड़ियों के आत्मविश्वास और संकल्प को भी दर्शाता है।

कुलगुरु प्रोफेसर श्री प्रकाश सिंह ने चयनित पहलवानों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता के साथ खेल गतिविधियों को भी समान महत्व दिया जाता है। खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, सकारात्मक प्रतिस्पर्धा, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं, जो राष्ट्र निर्माण में सहायक सिद्ध होते हैं। प्रतियोगिता के लिए चयनित पहलवानों में मुक्त शैली कुश्ती के अंतर्गत 125 किलोग्राम भार वर्ग में सागर दहिया, 97 किलोग्राम में आर्यन दहिया, 70 किलोग्राम में हर्ष, 74 किलोग्राम में अमन दूहन तथा 79 किलोग्राम में रोनक शामिल हैं। वहीं ग्रीको रोमन कुश्ती में 97 किलोग्राम भार वर्ग में वत्सल वशिष्ठ और 72 किलोग्राम में अमन विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।

विश्वविद्यालय प्रशासन, खेल विभाग और प्रशिक्षकों को खिलाड़ियों से श्रेष्ठ प्रदर्शन की उम्मीद है। चयनित पहलवानों ने भी पूरी मेहनत और खेल भावना के साथ मुकाबला करने का भरोसा जताया है। इस अवसर पर खेल निदेशक डा. बिरेंद्र सिंह हुड्डा उपस्थित रहे।

About The Author