March 6, 2026

रावतभाटा के बेटे ने रचा इतिहास: अनुज अग्निहोत्री बने UPSC टॉपर, तीसरे प्रयास में हासिल की ऑल इंडिया रैंक-1

Rawatbhata's son creates history: Anuj Agnihotri becomes UPSC topper, secures All India Rank 1 in his third attempt

अनुज अग्निहोत्री

नई दिल्ली।  संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। इस वर्ष कुल 958 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है। परिणाम में राजस्थान के लिए गर्व का क्षण तब बना जब कोटा के पास स्थित रावतभाटा के 26 वर्षीय अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया रैंक-1 प्राप्त कर देशभर में पहला स्थान हासिल किया। साधारण परिवार से आने वाले अनुज की सफलता ने युवाओं के लिए प्रेरणा की नई मिसाल पेश की है।

मां को दिया सफलता का श्रेय
अनुज अग्निहोत्री ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी मां को दिया। उनका कहना है कि मां ने हमेशा उन्हें समाज की सेवा करने और लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया।

Rawatbhata's son creates history: Anuj Agnihotri becomes UPSC topper, secures All India Rank 1 in his third attempt
परिवार के साथ अनुज – फोटो सोशल मीडिया

माता-पिता का मिला पूरा सहयोग
अनुज बताते हैं कि शुरुआत में उन्हें अपने जीवन का स्पष्ट लक्ष्य नहीं पता था, लेकिन समाज की सेवा करने की भावना हमेशा रही। वर्ष 2017 में एमबीबीएस की पढ़ाई के दौरान उन्होंने सिविल सेवा की तैयारी का फैसला लिया, जिसमें माता-पिता का पूरा समर्थन मिला।

तीसरे प्रयास में मिली बड़ी सफलता
चित्तौड़गढ़ जिले के रावतभाटा निवासी अनुज ने तीसरे प्रयास में यह उपलब्धि हासिल की। इससे पहले पहले प्रयास में उनका चयन DANICS सेवा में हुआ था और वे दिल्ली में एसडीएम के रूप में प्रोबेशन पर कार्यरत थे।

कोचिंग के बिना की तैयारी
अनुज ने बिना किसी कोचिंग के प्रतिदिन लगभग 13 घंटे पढ़ाई कर यह मुकाम हासिल किया। उन्होंने मुख्य रूप से ऑनलाइन माध्यम से तैयारी की, जबकि इंटरव्यू के लिए मेंटर से मार्गदर्शन लिया।

साधारण परिवार से खास मुकाम तक
अनुज के पिता कृष्ण बिहारी राजस्थान परमाणु ऊर्जा स्टेशन में तकनीशियन हैं और उनकी मां गृहिणी हैं। प्रारंभिक शिक्षा रावतभाटा के एटॉमिक एनर्जी सेंट्रल स्कूल से करने के बाद उन्होंने एम्स जोधपुर से एमबीबीएस किया और 2023 में इंटर्नशिप पूरी कर पूरी तरह यूपीएससी की तैयारी में जुट गए।

पढ़ाई के साथ खास शौक
पढ़ाई के अलावा अनुज को स्टैंड-अप कॉमेडी करना और क्रिकेट देखना पसंद है। उनके पिता का कहना है कि बेटे की मेहनत और लगन ने परिवार ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है।

About The Author