सोनीपत: सीआईए-1 टीम की उत्कृष्टता को पुलिस आयुक्त ने किया सम्मानित
सोनीपत: पुलिस आयुक्त ममता सिंह अधिकारियों को सम्मानित करते हुए।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत पुलिस आयुक्त ममता सिंह ने राई स्थित कार्यालय में सीआईए-1, क्राइम यूनिट वेस्ट सोनीपत की जांच टीम को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सोमवार को सम्मानित किया। टीम को विभिन्न मुकदमों की प्रभावी जांच और अपराधियों पर शिकंजा कसने में महत्वपूर्ण सफलता के लिए सराहा गया।
पुलिस आयुक्त ममता सिंह ने कहा कि अपराधों की गहन जांच और त्वरित कार्रवाई से अपराध पर अंकुश लगता है और आमजन का पुलिस पर विश्वास मजबूत होता है। उन्होंने टीम को आगे भी लगन और निष्ठा के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त क्राइम नरेन्द्र कादयान ने कहा कि सीआईए-1 टीम ने अपने पेशेवर दृष्टिकोण और निरंतर मेहनत से कई अहम मामलों को सुलझाया है। टीम की समन्वित रणनीति, तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के प्रभावी उपयोग से जांच को गति मिली और कई मामलों में महत्वपूर्ण सुराग प्राप्त हुए। उन्होंने बताया कि समयबद्ध कार्रवाई और सटीक जांच से अपराध नियंत्रण में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। पुलिस बल में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को सम्मानित करने की परंपरा से मनोबल बढ़ता है और बेहतर प्रदर्शन की प्रेरणा मिलती है।
सोनीपत पुलिस द्वारा समय-समय पर उत्कृष्ट सेवा देने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया जाता है, जिससे बल की कार्यकुशलता और जवाबदेही मजबूत होती है तथा नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ता है।
