February 11, 2026

पंकज चौधरी बनेंगे यूपी भाजपा के नए अध्यक्ष, निर्विरोध चुना जाना तय

Pankaj Chaudhary will be the new president of the Uttar Pradesh BJP, and he will be elected unopposed.

यूपी में BJP अध्यक्ष के लिए केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने अपना नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर सीएम योगी, डिप्टी सीएम केशव मौर्य और ब्रजेश पाठक मौजूद थे।

लखनऊ। केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी उत्तर प्रदेश भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष होंगे। शनिवार को उन्होंने लखनऊ स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया। तय समय सीमा तक उनके अलावा किसी अन्य नेता ने नामांकन नहीं किया, जिससे उनका निर्विरोध चुना जाना लगभग तय हो गया है। औपचारिक घोषणा रविवार को लोहिया नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी में होने वाले कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित पार्टी के दस वरिष्ठ नेताओं ने पंकज चौधरी के नाम का प्रस्ताव रखा। इससे पहले ही मीडिया में उनके अध्यक्ष बनने की खबर सामने आ चुकी थी।

दिनभर प्रदेश अध्यक्ष के नाम को लेकर सस्पेंस बना रहा। सुबह भाजपा कार्यालय में पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति के पहुंचने से हलचल तेज हो गई थी। उनसे जब नए अध्यक्ष को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि थोड़ी देर में सब स्पष्ट हो जाएगा। दोपहर करीब डेढ़ बजे पंकज चौधरी दिल्ली से लखनऊ पहुंचे और उन्होंने भी पार्टी कार्यालय जाने की बात कहकर सस्पेंस बढ़ा दिया। कुछ देर बाद मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने बिना नाम लिए संकेत दिया कि नए अध्यक्ष सात बार के सांसद हैं और संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं, जिससे तस्वीर साफ हो गई।

पंकज चौधरी योगी आदित्यनाथ के गृह क्षेत्र गोरखपुर से आने वाले बड़े नेता हैं और महाराजगंज से सात बार सांसद रह चुके हैं। वे ओबीसी वर्ग की कुर्मी बिरादरी से आते हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पंचायत और विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने कुर्मी समाज से आने वाले नेता पर दांव लगाया है। यादवों के बाद कुर्मी समाज की आबादी प्रदेश में सबसे ज्यादा मानी जाती है। हाल के लोकसभा चुनाव में कुर्मी वोटों का एक हिस्सा सपा के पीडीए अभियान के साथ गया था, जिसे साधने के लिए भाजपा यह रणनीतिक फैसला कर रही है।

पंकज चौधरी की राजनीतिक यात्रा पार्षद से शुरू होकर डिप्टी मेयर और फिर सांसद तक पहुंची है। वे संगठन में अच्छे रणनीतिकार माने जाते हैं। भाजपा में उनसे पहले विनय कटियार, स्वतंत्र देव सिंह और ओमप्रकाश सिंह कुर्मी समाज से प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। पंकज चौधरी के अध्यक्ष बनने पर वे इस समाज से आने वाले चौथे प्रदेश अध्यक्ष होंगे। गोरखपुर में उनके घर पर जश्न का माहौल है। परिजनों ने मिठाई बांटकर खुशी जताई। जब उनकी मां को बेटे के प्रदेश अध्यक्ष बनने की जानकारी दी गई तो वे भावुक हो गईं और कहा कि बेटा आगे बढ़े, यही उनका आशीर्वाद है।

About The Author