निरंकारी मिशन: मुरथल फ्लाईओवर पर माता सुदीक्षा जी महाराज की कार का एक्सीडेंट, काली स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर
मुरथल में पीछे से आई एक काली रंग की स्कॉर्पियो-एन गाड़ी ने माता सुदीक्षा की गाड़ी को बाईं ओर से टक्कर मार दी। बाल-बाल बच गई।
सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर मुरथल फ्लाईओवर के ऊपर संत निरंकारी मिशन की आध्यात्मिक प्रमुख माता सुदीक्षा जी महाराज की गाड़ी के साथ एक गंभीर घटना सामने आई है। दिल्ली से समालखा होते हुए पानीपत की ओर जाते समय उनकी गाड़ी को पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। आरोप है कि यह टक्कर जानबूझकर मारी गई। हादसे में गाड़ी के बाएं हिस्से को नुकसान पहुंचा और अंदर बैठी माता सुदीक्षा जी महाराज को भी जोर का झटका लगा। घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर थाना मुरथल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद श्रद्धालुओं और मिशन से जुड़े लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
मुरथल फ्लाईओवर पर हुई घटना
कर्नल हरविंद्र सिंह गुलेरिया (सेवानिवृत्त), जो संत निरंकारी मंडल में मुख्य सुरक्षा अधिकारी के पद पर तैनात हैं, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 1 जनवरी 2026 की रात करीब 9:45 बजे वह माता सुदीक्षा जी महाराज के साथ दिल्ली से भक्ति निवास समालखा, पानीपत के लिए रवाना हुए थे। रात करीब 10:13 बजे जब उनका काफिला मुरथल फ्लाईओवर पर पहुंचा, तभी पीछे से आई एक काली रंग की स्कॉर्पियो-एन ने उनकी गाड़ी को बाईं ओर से टक्कर मार दी।
जानबूझकर टक्कर मारने का आरोप
शिकायत में कहा गया है कि आरोपी चालक ने जानबूझकर नुकसान पहुंचाने की नीयत से टक्कर मारी। हादसे के बाद चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया। वाहन का पूरा नंबर नोट नहीं हो सका, लेकिन नंबर की शुरुआत HR से होने की जानकारी मिली है।
थाना मुरथल में मामला दर्ज
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125 और 324(5) के तहत केस दर्ज किया है। जांच एएसआई युद्धवीर को सौंपी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की तलाश में जुटी है।
सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता
घटना के बाद संत निरंकारी मिशन से जुड़े श्रद्धालुओं में चिंता का माहौल है। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
