मोदी का बंगाल सरकार पर तीखा हमला: बोले— पैसे की कमी नहीं, कट-कमीशन ने विकास रोका
एयरपोर्ट को आधुनिक डिजिटल सुविधाओं से लैस किया गया है।
पश्चिम बंगाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य के विकास में पैसों की नहीं, बल्कि नीयत की कमी है। कोलकाता एयरपोर्ट से नादिया जिले के राणाघाट में आयोजित कार्यक्रम को फोन के जरिए वर्चुअली संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि बंगाल सरकार कट और कमीशन की राजनीति में उलझी है, जिस वजह से हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाएं अटकी हुई हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री ने ₹3,200 करोड़ के नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन भी किया। मौसम खराब होने के कारण वे कार्यक्रम स्थल तक नहीं पहुंच सके, लेकिन उन्होंने बंगाल की जनता से विकास के लिए भाजपा को मौका देने की अपील की।
कट-कमीशन ने रोका बंगाल का विकास
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बंगाल के विकास के लिए केंद्र सरकार ने कभी धन की कमी नहीं होने दी, लेकिन राज्य सरकार की प्राथमिकताएं अलग हैं। उन्होंने कहा कि आज भी बंगाल में हजारों करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट अधूरे पड़े हैं। TMC को मोदी का विरोध करना है तो करे, लेकिन राज्य के विकास को रोकना जनता के साथ अन्याय है।
मौसम की वजह से नहीं पहुंच सके राणाघाट
पीएम मोदी दिल्ली से कोलकाता पहुंचे और वहां से हेलिकॉप्टर से ताहिरपुर रवाना हुए, लेकिन घने कोहरे के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा। उन्होंने कहा कि मौसम ने कठिनाइयां जरूर पैदा कीं, लेकिन वे फिर बंगाल आएंगे और जनता से सीधे संवाद करेंगे।
घुसपैठ और कानून-व्यवस्था पर हमला
प्रधानमंत्री ने TMC पर घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ‘गो बैक मोदी’ के पोस्टर लगाने से बेहतर होता कि ‘गो बैक घुसपैठिए’ लिखा जाता। उन्होंने जनता से TMC की साजिशों से सावधान रहने की अपील की।
त्रिपुरा बनाम बंगाल की तुलना
मोदी ने त्रिपुरा का उदाहरण देते हुए कहा कि वाम शासन के बाद भाजपा सरकार आने से वहां तेजी से विकास हुआ, जबकि बंगाल विकास के मामले में पिछड़ गया है। उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव के नतीजों ने बंगाल में भी भाजपा की जीत के द्वार खोल दिए हैं।
बंगाल की जनता से अपील
प्रधानमंत्री ने बंगाल की जनता से हाथ जोड़कर अपील की कि वे एक बार भाजपा को मौका दें और डबल इंजन सरकार बनाकर देखें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इससे राज्य में तेज गति से विकास होगा।
TMC का पलटवार
प्रधानमंत्री के आरोपों पर TMC ने पलटवार करते हुए कहा कि बंगाल की परेशानियों की असली वजह केंद्र सरकार है, जिसने राज्य का करीब 2 लाख करोड़ रुपये रोक रखा है। TMC ने केंद्र पर बंगाल की संस्कृति और पहचान का अपमान करने का भी आरोप लगाया।
