April 11, 2026

सोनीपत: सद्भाव यात्रा से भाईचारे और एकता का संदेश: बृजेंद्र सिंह

Message of brotherhood and unity from Sadbhavna Yatra Brijendra Singh

सोनीपत, अजीत कुमार।कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बृजेंद्र सिंह ने हरियाणा में निकाली जा रही सद्भाव यात्रा को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह यात्रा प्रदेश में भाईचारा, एकता और आपसी विश्वास को मजबूत करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यह पहली ऐसी यात्रा है, जो राज्य के हर विधानसभा क्षेत्र तक पहुंचने का प्रयास कर रही है, जिससे जनता की समस्याओं को सीधे समझकर उन्हें राजनीतिक मंच तक उठाया जा सके।

गन्नौर हलके के गांव पुरखास में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संवाद स्थापित करना और सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देना है। उनके नेतृत्व में चल रही यह यात्रा 189वें दिन गन्नौर क्षेत्र में पहुंची, जहां ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। यात्रा राजलू गढ़ी से शुरू होकर भोगीपुर, पांची जाटान, उदेशीपुर और पुरखास होते हुए शेखपुरा में संपन्न हुई।

इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार पर अमेरिका के साथ संभावित व्यापार समझौते को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यदि बिना पर्याप्त सुरक्षा उपायों के यह समझौता लागू होता है, तो इसका सबसे ज्यादा नुकसान भारतीय किसानों को उठाना पड़ सकता है। अमेरिकी कृषि प्रणाली भारी सब्सिडी और उन्नत तकनीक पर आधारित है, जिससे वहां के उत्पाद सस्ते होते हैं और भारतीय किसानों के लिए प्रतिस्पर्धा कठिन हो सकती है।

बृजेंद्र सिंह ने हरियाणा में बढ़ती बेरोजगारी को भी गंभीर मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सीमित होते जा रहे हैं और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। साथ ही, बाहरी राज्यों के उम्मीदवारों को प्राथमिकता मिलने के आरोपों से स्थानीय युवाओं में असंतोष बढ़ रहा है, जो भविष्य के लिए चिंता का विषय है।

About The Author