सोनीपत क्राइम: सोनीपत में ताले तोड़कर घर से लाखों की चोरी
सोनीपत: चाेरी की वादात के बाद घर में बिखरा पड़ा सामान।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत के थाना सदर क्षेत्र के गांव बागडू डेरा में ताले तोड़कर चोरी की बड़ी वारदात हो गई। घटना उस समय हुई जब पूरा परिवार पत्नी के इलाज के लिए अस्पताल गया हुआ था। चोरों ने सुनसान मकान को निशाना बनाकर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पीड़ित धनीराम ने बताया कि वह रात के समय पत्नी के इलाज के लिए अस्पताल गया था। परिवार के सभी सदस्य घर से बाहर थे। इसी दौरान अज्ञात चोर मकान के ताले तोड़कर अंदर घुस गए और पूरे घर की तलाशी ली। अलमारियों और कमरों का सामान बिखरा मिला, जिससे अंदेशा है कि चोरों ने व्यवस्थित तरीके से कीमती सामान ढूंढा। पीड़ित के अनुसार घर से दो सोने के हार, दो सोने की अंगूठियां, एक सोने का झुमका, दो पाजेब और करीब पचास हजार रुपये नकद चोरी हुए हैं। परिवार के अस्पताल से लौटने पर घटना का पता चला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
शिकायत के आधार पर थाना सदर में सोमवार को मामला दर्ज किया गया है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और आसपास के क्षेत्र में संदिग्ध लोगों की तलाश शुरू कर दी है। जांच सहायक उप निरीक्षक भीम के नेतृत्व में जारी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पीड़ित ने चोरी का सामान बरामद करने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
