March 5, 2026

सोनीपत क्राइम: सोनीपत गांव में पूर्व सैनिक के बंद घर से जेवर नकदी चोरी

Jewellery and cash stolen from locked house of ex-serviceman in Sonepat village

प्रतीकात्मक तस्वीर।

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत जिले के एक गांव में चोरों ने बंद मकान से लाखों रुपये के जेवर और नकदी चोरी कर ली। चोर करीब तीन लाख 85 हजार रुपये के सोने-चांदी के गहने तथा लगभग ढाई लाख रुपये नकद चोरी की है। घटना की सूचना मिलने पर थाना बरोदा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गोहाना क्षेत्र के गांव आहुलाना निवासी महाबीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका भाई जसबीर पूर्व सैनिक है। वह पिछले करीब तीन महीनों से अपने परिवार के साथ गुजरात में अपने बेटों के पास गया हुआ है। घर से जाने से पहले मकान को ताला लगाकर उसकी चाबियां महाबीर के पास छोड़ दी गई थीं। मकान लंबे समय से बंद पड़ा था। चोर रात के समय मकान के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद घर के कमरों के ताले तोड़ दिए और अलमारी तथा बक्सों को खंगाल डाला। सुबह जब मकान की जांच की गई तो चोरी की घटना का पता चला। चोर घर से तीन सोने की अंगूठी, दो सोने की चेन, दो अन्य सोने की अंगूठी, पांच जोड़ी चांदी की पायल, चांदी की तगड़ी के गुच्छे, दस चांदी के सिक्के, दो चांदी की अंगूठी और करीब ढाई लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए।

घटना की सूचना मिलते ही थाना बरोदा पुलिस मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा संदिग्धों की तलाश में जुटी है।

About The Author