February 22, 2026

नववर्ष दिवस: नववर्ष पर सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था सुदृढ़ रखने के निर्देश जारी

Instructions issued to strengthen security and health arrangements on New Year

सोनीपत: अतिरिक्त उपायुक्त एवं कार्यवाहक उपायुक्त लक्षित सरीन।

सोनीपतसोनीपत में नववर्ष की पूर्व संध्या 31 दिसंबर 2025 तथा नववर्ष दिवस 1 जनवरी 2026 के दौरान जिले में संभावित भीड़, आवागमन में वृद्धि और किसी भी अप्रिय स्थिति की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने व्यापक एहतियाती व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं। अतिरिक्त उपायुक्त एवं कार्यवाहक उपायुक्त लक्षित सरीन ने सभी संबंधित विभागों को पूर्ण सतर्कता के साथ कार्य करने को कहा है।

उन्होंने सिविल सर्जन को निर्देश दिए कि नागरिक अस्पताल सोनीपत सहित जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और उप-स्वास्थ्य केंद्रों पर चौबीसों घंटे चिकित्सकों व पैरा चिकित्सा कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक उपकरण, सुविधाएं और जीवन रक्षक दवाइयों की उपलब्धता अनिवार्य रूप से रखी जाए। संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों पर एम्बुलेंस सहित चिकित्सा स्टाफ की तैनाती भी सुनिश्चित की जाएगी। 31 दिसंबर को दोपहर 12 बजे से रात्रि 12 बजे तक स्वास्थ्य विभाग की हेल्पलाइन और आपात नंबरों पर प्राप्त सहायता संबंधी सूचनाओं तथा की गई कार्रवाई का विवरण प्रत्येक दो घंटे में उपायुक्त कैंप कार्यालय को भेजा जाए। निजी अस्पतालों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने के लिए इंडियन मेडिकल एसोसिएशन सोनीपत से समन्वय करने के निर्देश दिए गए हैं।

अग्निशमन अधिकारी को जिले के संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थलों पर अग्निशमन वाहनों की तैनाती सुनिश्चित करने तथा विभागीय स्टाफ सहित मुख्यालय पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। सिंचाई विभाग को नहरों और ड्रेनों पर नियमित गश्त के आदेश दिए गए हैं। सभी उपमंडल मजिस्ट्रेटों को अपने क्षेत्र के स्वास्थ्य केंद्रों, अग्निशमन केंद्रों और संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर पुलिस के साथ समन्वय बनाकर यातायात, शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने नागरिकों से नववर्ष संयम, सतर्कता और नियमों के पालन के साथ मनाने की अपील की है।

About The Author