श्रीमद भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ महोत्सव: कोरोना काल में भी भारत करता रहा विश्व कल्याण की प्रार्थना: अजय याग्निक
अष्टोत्तर शत परायण श्रीमद भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ महोत्सव में अजय याग्निक जी का अभिनंदन करते हुए महामंडलेश्वर श्री रामगोविन्द दास महात्यागी जी महाराज।
पूर्वी दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के एजीसीआर एनक्लेव में चल रहे 8 दिवसीय अष्टोत्तर शत परायण श्रीमद भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ महोत्सव के पांचवें दिन भक्ति और अध्यात्म का अद्भुत संगम देखने को मिला। अंतर्राष्ट्रीय महात्यागी खालसा के श्री महंत एवं महामंडलेश्वर श्री राम गोविंद दास महात्यागी जी महाराज के सानिध्य में आयोजित इस महोत्सव में विश्व प्रसिद्ध सुंदरकाण्ड व्याख्याता अजय याग्निक ने संगीतमय श्री सुंदरकाण्ड पाठ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारत भगवान का घर है और यहां के लोग केवल अपने लिए ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व के कल्याण की मंगल कामना करते हैं। उन्होंने याद दिलाया कि कोरोना महामारी के कठिन दौर में भी भारतवासियों ने संपूर्ण विश्व के स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
भागवत महोत्सव में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
25 दिसंबर से पूर्वी दिल्ली के एजीसीआर एनक्लेव में मथुरा, काशी और अयोध्या से आए 108 प्रकांड विद्वानों द्वारा 108 श्रीमद भागवत महापुराण का सामूहिक परायण किया जा रहा है। यह आयोजन प्रदूषित होते पर्यावरण के संरक्षण और हिंदू समाज को अपनी संस्कृति व सभ्यता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
संगीतमय सुंदरकाण्ड पाठ ने बांधा समां
महोत्सव के पांचवें दिन शाम 6 बजे से देर रात तक अजय याग्निक के श्रीमुख से संगीतमय सुंदरकाण्ड पाठ हुआ। भक्तों ने भक्ति रस में डूबकर हनुमान जी की आराधना की और प्रभु श्रीराम के चरित्र का भावपूर्ण श्रवण किया।
कोरोना काल की याद दिलाई
अजय याग्निक ने अपने संदेश में कहा कि सुंदरकाण्ड पाठ में विश्व कल्याण की भावना स्पष्ट रूप से झलकती है। उन्होंने कहा कि जब कोरोना काल में पूरा विश्व महामारी से जूझ रहा था, तब भी भारत में हर क्षण समस्त मानवता के स्वास्थ्य और मंगल की कामना की जाती रही।
गणमान्य लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में सखी बाबा (ऋषिकेश), मुख्य यजमान रजनीश गुप्ता, भाजपा नेता राजीव शर्मा, हिंदू नेता जय भगवान गोयल, नरेश अग्रवाल, सुशील गुप्ता, विक्की आहूजा सहित बड़ी संख्या में रामभक्त उपस्थित रहे। हनुमान जी का आशीर्वाद लेने दिल्ली नगर निगम की स्वच्छता समिति के चेयरमैन संदीप कपूर, पूर्व महापौर श्याम सुंदर अग्रवाल और निगम पार्षद भी पहुंचे।
यज्ञ और पाठ का अद्भुत संगम
महोत्सव स्थल पर दिनभर यज्ञाचार्य शशिभूषण शास्त्री के मार्गदर्शन में 108 भागवत का परायण चलता रहा, वहीं शाम को सुंदरकाण्ड पाठ ने वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया।
