मोहनलाल बडौली: विकसित हरियाणा की मजबूत नींव रखता ऐतिहासिक बजट
सोनीपत: पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष माेहन लाल बडौली ,.
सोनीपत, अजीत कुमार। भारतीय जनता पार्टी हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने हरियाणा सरकार द्वारा प्रस्तुत वित्त वर्ष 2026-27 के बजट को विकसित हरियाणा की दिशा में मजबूत आधार बताया। सोनीपत में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंगलवार को उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा वित्त मंत्री के रूप में प्रस्तुत दो लाख 23 हजार 658 करोड़ रुपये का बजट प्रदेश की जनता की आकांक्षाओं और सुझावों पर आधारित सशक्त दस्तावेज है। यह बजट पिछले वर्ष की तुलना में 10.28 प्रतिशत अधिक है, जो आर्थिक सुदृढ़ता को दर्शाता है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2020 से जनता के सुझावों के आधार पर बजट तैयार करने की परम्परा शुरू की गई। इस वर्ष 13 बैठकों के माध्यम से 2,199 सुझाव प्राप्त हुए, जबकि एआई चैटबॉट के जरिये 12,400 सुझाव मिले। इनमें से लगभग 5,000 सुझावों को बजट में शामिल किया गया, जो जनसहभागिता का उदाहरण है।
बड़ौली ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में प्रदेश की सकल घरेलू उत्पाद तीन गुना बढ़कर 4.37 लाख करोड़ रुपये से 13.67 लाख करोड़ रुपये हो गया है। प्रति व्यक्ति आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। राजस्व घाटा तथा प्रभावी राजस्व घाटे में कमी आना कुशल वित्तीय प्रबंधन का प्रमाण है। 16वें वित्त आयोग की सिफारिशों के तहत केंद्रीय करों में हरियाणा के हिस्से में 24.52 प्रतिशत वृद्धि को उन्होंने बड़ी उपलब्धि बताया। विश्व बैंक द्वारा हरियाणा क्लीन एयर प्रोजेक्ट, वाटर सिक्योर हरियाणा तथा प्रस्तावित हरियाणा एआई मिशन को स्वीकृति मिलना प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण है। एआई मिशन के तहत एक लाख युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। बजट सत्र में लिए गए 12 प्रमुख निर्णयों में हरियाणा एग्री डिस्कॉम की स्थापना, 3 लाख किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन, अकुशल श्रमिकों की न्यूनतम मजदूरी 15,200 रुपये प्रतिमाह, हरियाणा ग्रीन क्लाइमेट रेजिलिएंस फंड़ तथा हांसी को मॉडल जिला बनाना शामिल है।
किसानों के लिए 1.40 लाख एकड़ लवणीय भूमि को खेती योग्य बनाने, मेरा पानी-मेरी विरासत के तहत अतिरिक्त बोनस, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा, पीएम कुसुम योजना के अंतर्गत 35 हजार सोलर पंंप तथा स्मार्ट एग्रीकल्चर क्लस्टर जैसी घोषणाएं की गई हैं। महिलाओं के लिए दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना में आय सीमा वृद्धि, ती लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाने, पिंक कैब योजना, नई उचित मूल्य दुकानें तथा महिला पुलिस थानों की स्थापना का प्रावधान किया गया है।
युवाओं के लिए कौशल प्रशिक्षण, अग्निवीरों को पुलिस भर्ती में 20 प्रतिशत आरक्षण, खेलो इंडिया केंद्र, आईटीआई क्लस्टर और अप्रेंटिसशिप प्रोत्साहन योजना लागू की जाएगी। स्वास्थ्य, शिक्षा और अधोसंरचना के क्षेत्र में 100 नए स्वास्थ्य केंद्र, 250 उत्कृष्ट विद्यालय, 5 हजार किलोमीटर सड़कों का सुधार, नए आरओबी/आरयूबी तथा साइबर पुलिस थानों की स्थापना जैसे प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह बजट अंत्योदय, सुशासन और सर्वांगीण विकास के संकल्प को साकार करने वाला है तथा हरियाणा को नई ऊंंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक होगा। इनके साथ में सोनीपत विधायक निखिल मदान, भाजपा के जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज शामिल रहे।
