मुख्यमंत्री नायब सैनी: फाल्गुन पूर्णिमा पर भटगांव में गौसेवा महाकुंभ लगा पहली बार पहुंचे मुख्यमंत्री
सोनीपत: गौशाला चारा अनुदान वितरण समारोह में संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी।
सोनीपत, अजीत कुमार। फाल्गुन पूर्णिमा के पावन अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में गौसेवा महाकुंभ गांव भटगांव में आयोजित किया गया जिसमें गौशाला चारा अनुदान वितरण किया जिसमें प्रदेश का मुख्यमंत्री पहली बार इस गौशाला में पहुंचा है।
संस्कृति और प्रदेश के विकास को लेकर मंगलवार को गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने कहा कि होलिका दहन जहां दुर्भावनाओं के अंत का प्रतीक है, वहीं प्रह्लाद की विजय अटूट विश्वास का संदेश देती है। उसी प्रकार गौसेवा सनातन संस्कृति की जीवंत साधना है। उन्होंने वेदों में वर्णित गावो विश्वस्य मातरः का उल्लेख करते हुए कहा कि गाय केवल पशु नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता की मातृरूप है। गौसंरक्षण को उन्होंने आस्था के साथ-साथ पर्यावरण सन्तुलन, पारिवारिक सन्तुलन, स्वास्थ्य और राष्ट्र समृद्धि से जोड़ा। देसी गौवंश के औषधीय गुणों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि अनेक देश भी इसकी महत्ता स्वीकार कर रहे हैं। हरियाणा सरकार द्वारा प्रति गाय प्रतिदिन अनुदान और बजट में विशेष प्रावधान के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को शुभकामनाएं दीं।

कृषि एवं पशुपालन मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि गौमाता का संबंध भारत की संस्कृति और संस्कारों से गहराई से जुड़ा है। उन्होंने हरियाणा के युवाओं की शारीरिक क्षमता का आधार दूध, दही और घी को बताया। देसी गाय के दूध और घी को स्वास्थ्यवर्धक बताते हुए उन्होंने प्राकृतिक खेती, गोबर गैस और पंचगव्य उत्पादों की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि देसी गाय पालन के लिए 30 हजार रुपये तक की सहायता दी जा रही है तथा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है।

सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि 600 से अधिक गौशालाओं के प्रतिनिधियों की उपस्थिति सरकार की प्रतिबद्धता दर्शाती है। उन्होंने लगभग तीन घंटे प्रस्तुत बजट को ऐतिहासिक बताते हुए स्वास्थ्य, शिक्षा, सहकारिता और जनस्वास्थ्य में वृद्धि का उल्लेख किया। गोहाना क्षेत्र की मांगों को शामिल करने पर उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताया।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने इसे सामाजिक समरसता का पर्व बताते हुए कहा कि बजट किसान, युवा, महिला और गरीब वर्ग को सशक्त करेगा। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को सोनीपत का महाकुंभ बताया।
हरियाणा गौ सेवा आयोग के चेयरमैन श्रवण गर्ग ने कहा कि प्रति गाय अनुदान, सोलर ऊर्जा और गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने की योजनाएं प्रभावी रूप से लागू हो रही हैं। धर्मार्थ गौशाला भटगांव के प्रधान अनिल दहिया ने सरकार के प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर कृष्ण लाल पंवार, रणबीर गंगवा, कृष्णा गहलावत, निखिल मदान, देवेंद्र कादियान, पवन खरखौदा, मेयर राजीव जैन, मुख्यमंत्री के ओएसडी वीरेंद्र बडख़ालसा, डॉ. प्रेम सिंह, डॉ. मंजीत कटारिया, उपायुक्त सुशील सारवान, देवेंद्र कौशिक, प्रदीप सांगवान, अशोक भारद्वाज, बिजेंद्र मलिक, अक्षित दहिया, निशांत छौक्कर, आदि उपस्थित रहे।
