क्रिकेट: डॉन ब्रेडमैन की ऐतिहासिक ‘बैगी ग्रीन’ कैप 2.92 करोड़ में नीलाम
सर डोनाल्ड ब्रेडमैन को क्रिकेट के महानतम खिलाड़ियों में शुमार किया जाता है।
ऑस्ट्रेलिया। ऑस्ट्रेलिया के महान क्रिकेटर सर डोनाल्ड (डॉन) ब्रेडमैन की ऐतिहासिक ‘बैगी ग्रीन’ कैप की नीलामी गोल्ड कोस्ट में हुई, जहां एक अनाम खरीदार ने इसे 4,60,000 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर यानी करीब 2.92 करोड़ रुपये में खरीद लिया। यह वही कैप है, जिसे ब्रेडमैन ने 1947-48 में आजाद भारत के खिलाफ खेली गई पहली टेस्ट सीरीज के दौरान पहना था। क्रिकेट इतिहास की इस अमूल्य धरोहर को दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित खेल यादगार वस्तुओं में गिना जाता है।
यह कैप ब्रेडमैन ने अपनी अंतिम घरेलू टेस्ट सीरीज के बाद भारतीय टीम के ओपनिंग गेंदबाज श्रीरंगा सोहनी (एस.डब्ल्यू. सोहनी) को उपहार में दी थी। सोहनी परिवार ने इस कैप को लगभग 75 वर्षों तक बेहद सावधानी से सुरक्षित रखा और कभी सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित नहीं किया। नीलामी आयोजित करने वाली लॉयड्स ऑक्शंस के मुख्य परिचालन अधिकारी ली हेम्स ने इसे ‘क्रिकेट की दुनिया का सबसे अनमोल खजाना’ बताया। उनके अनुसार, यह कैप तीन पीढ़ियों तक ताले में बंद रखी गई थी और परिवार का नियम था कि जब कोई सदस्य 16 वर्ष का हो जाए, तभी उसे केवल पांच मिनट के लिए इस कैप को देखने की अनुमति मिलती थी।
श्रीरंगा सोहनी ने 1947-48 की ऐतिहासिक सीरीज में भारत की ओर से केवल पहला टेस्ट मैच खेला था। भले ही उन्हें उस मैच में कोई विकेट नहीं मिला, लेकिन उन्होंने उस मुकाबले की पहली गेंद फेंकी थी। यही गेंद आजाद भारत के क्रिकेट इतिहास की पहली गेंद मानी जाती है। उसी मैच के बाद डॉन ब्रेडमैन ने अपनी बैगी ग्रीन कैप सोहनी को यादगार के रूप में सौंप दी थी।
इस कैप के अंदर डॉन ब्रेडमैन और श्रीरंगा सोहनी दोनों के नाम लिखे हुए हैं। साथ ही ऑस्ट्रेलियाई प्रतीक के नीचे 1947-48 भी कढ़ाई में अंकित है। क्रिकेट जगत में ब्रेडमैन की ऐसी केवल 11 बैगी ग्रीन कैप्स के बारे में जानकारी है, क्योंकि उस दौर में खिलाड़ी हर सीरीज के लिए अलग कैप पहनते थे।
नीलामी इतिहास में सबसे महंगी बैगी ग्रीन कैप का रिकॉर्ड दिग्गज स्पिनर शेन वॉर्न के नाम है। वर्ष 2020 में उनकी कैप करीब 10 लाख ऑस्ट्रेलियाई डॉलर यानी लगभग 5.90 करोड़ रुपये में बिकी थी, जिसकी राशि बुशफायर राहत चैरिटी को दी गई थी। वहीं, ब्रेडमैन की 1928 में डेब्यू वाली कैप भी 2020 में करीब 2.65 करोड़ रुपये में नीलाम हुई थी।
1947-48 की भारत-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया को 0-4 से हार का सामना करना पड़ा था। उस सीरीज में डॉन ब्रेडमैन ने 178.75 की औसत से 715 रन बनाए थे, जिसमें तीन शतक शामिल थे। यही वजह है कि यह कैप सिर्फ एक यादगार नहीं, बल्कि क्रिकेट इतिहास का बेशकीमती प्रतीक मानी जाती है।
