April 8, 2026

सोनीपत क्राइम: सोनीपत में उर्वरक लाइसेंस दिलाने के बदले 50 हजार रिश्वत लेते उप निदेशक गिरफ्तार

Deputy Director arrested in Sonipat for accepting Rs 50,000 bribe in exchange for getting fertilizer license

सोनीपत: डिप्टी डॉयरेक्टर डॉ. पवन शर्मा को गिरफ्तार कर ले जाती रोहतक एसीबी की टीम।

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने कृषि विभाग के उप निदेशक बुधवार को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने उर्वरक का थोक लाइसेंस जारी कराने के नाम पर एक लाख रुपये की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद रोहतक इकाई ने जाल बिछाकर कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार गांव जाटी कलां निवासी राजकुमार ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो रोहतक में शिकायत दी थी कि कृषि विभाग के उप निदेशक डाॅ. पवन शर्मा उससे थोक उर्वरक अनुज्ञापत्र लाइसेंस जारी करने के बदले एक लाख रुपये मांग रहे हैं। शिकायत में बताया गया कि आरोपी पहले ही 50 हजार रुपये ले चुका था और शेष 50 हजार रुपये देने के लिए लगातार दबाव बना रहा था। लगातार मांग से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने ब्यूरो से संपर्क किया।

शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो की टीम ने प्रारंभिक जांच की, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद पूरी योजना बनाकर आरोपी को पकड़ने के लिए जाल तैयार किया गया। तय योजना के अनुसार बुधवार को शिकायतकर्ता 50 हजार रुपये लेकर उप निदेशक के कार्यालय पहुंचा और रुपये सौंपे। कुछ ही देर बाद पहले से तैनात ब्यूरो दल ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को रिश्वत की राशि सहित पकड़ लिया।

कार्रवाई का नेतृत्व निरीक्षक भगत सिंह ने किया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो थाना रोहतक में मामला दर्ज कर लिया है। ब्यूरो अधिकारियों के अनुसार मामले की आगे जांच जारी है और आरोपी से पूछताछ कर अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

About The Author