February 22, 2026

मोहनलाल बड़ौली: वीबी-जी रामजी योजना पर कांग्रेस का भ्रम बेनकाब

Congress's confusion on VB-G Ramji scheme exposed: Mohanlal Baroli

सोनीपत: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली पत्रकार वार्ता में चर्चा करते हुए।

सोनीपत। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि कांग्रेस विकसित भारत–रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) यानी वीबी-जी रामजी योजना को लेकर जानबूझकर भ्रम और दुष्प्रचार फैला रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह योजना ग्रामीण श्रमिकों, गांवों के समग्र विकास और पारदर्शी व्यवस्था की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।

रेलवे रोड स्थित लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में आयोजित पत्रकार वार्ता में मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि वर्ष 2014 से अक्टूबर 2025 तक हरियाणा में श्रमिकों को कुल 5,243 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन शासनकाल में मनरेगा का उद्देश्य टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण के बजाय औपचारिकता तक सीमित रह गया था। उस दौर में यह योजना भ्रष्टाचार, फर्जी कार्य और धन के दुरुपयोग का माध्यम बनी, जिससे वास्तविक श्रमिकों को उनका अधिकार नहीं मिल सका।

बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते एक दशक में डिजिटल संपर्क, बैंकिंग सुविधाएं, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण, आधार से जुड़ाव और बुनियादी ढांचे में बड़े सुधार हुए हैं। इसके कारण योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लाभार्थियों तक पहुंच रहा है और बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है। उन्होंने वीबी-जी रामजी योजना की विशेषताएं बताते हुए कहा कि रोजगार गारंटी के दिवस 100 से बढ़ाकर 125 किए गए हैं। इससे ग्रामीण श्रमिकों की आय में सीधी बढ़ोतरी होगी। बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण और उपस्थिति प्रणाली से फर्जी श्रमिक, दोहरे जॉब कार्ड और फर्जी भुगतान पर रोक लगेगी। मजदूरी का भुगतान डिजिटल माध्यम से होगा, जिससे देरी और गबन की संभावना नहीं रहेगी। प्रत्येक परिसंपत्ति की जियो टैगिंग कर उपग्रह चित्र भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के भुवन पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे।

बड़ौली ने बताया कि योजना जल सुरक्षा, ग्रामीण अवसंरचना, आजीविका संसाधन और जलवायु संरक्षण पर केंद्रित है। रोजगार दिवस बढ़ने से हरियाणा के श्रमिकों को न्यूनतम मजदूरी 400 रुपये प्रतिदिन के आधार पर कम से कम 10 हजार रुपये का अतिरिक्त वार्षिक लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि हरियाणा में 52 प्रतिशत से अधिक अनुसूचित जाति और 65 प्रतिशत से अधिक महिला श्रमिकों को रोजगार मिला है। उन्होंने कहा कि भाजपा जिला और मंडल स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर गांव-गांव जाकर योजना के बारे में जनजागरण करेगी, ताकि जनता किसी भी भ्रम का शिकार न हो। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विजेंद्र नेहरा, जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज, मेयर राजीव जैन, वरिष्ठ नेता देवेंद्र कौशिक, जिला मीडिया प्रभारी दिनेश अत्री, महामंत्री नीरज कुमार ठरु, त्रिभुवन कौशिक, मनोज त्यागी, राजकुमार कटारिया, बबीता दहिया आदि उपस्थित रहे।

About The Author