भूपेंद्र सिंह हुड्डा: बजट सत्र और निगम चुनाव के लिए कांग्रेस तैयार, सरकार पर हुड्डा का हमला
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा पत्रकारों से बात करते हुए।
सोनीपत, अजीत कुमार। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस आने वाले बजट सत्र और नगर निगम चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है और सरकार के हर फैसले पर पैनी नजर रखे हुए है। उन्होंने आशंका जताई कि इस बार का बजट भी हरियाणा पर कर्ज का बोझ और बढ़ाने वाला साबित हो सकता है, क्योंकि भाजपा शासन में प्रदेश की आर्थिक हालत लगातार बिगड़ती गई है। हुड्डा के मुताबिक 2014 तक हरियाणा पर करीब 60 हजार करोड़ रुपये का कर्ज था, जो अब बढ़कर लगभग 5.25 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। उन्होंने सरकार पर चार्वाक की नीति अपनाने का आरोप लगाया।
पत्रकार वार्ता में हुड्डा ने कहा कि भाजपा ने चुनाव के दौरान किए गए अधिकांश वादों से मुंह फेर लिया है। महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये देने की घोषणा अब केवल कुछ चुनिंदा महिलाओं तक सीमित कर दी गई है। उन्होंने बताया कि बीपीएल श्रेणी के आंकड़ों के अनुसार लगभग 85 लाख महिलाओं को इसका लाभ मिलना चाहिए था, जबकि सरकार केवल करीब आठ लाख महिलाओं को ही राशि देने की बात कर रही है। इतना ही नहीं, अब रकम घटाकर 1100 रुपये कर दी गई है और बाकी राशि जमा करने की शर्तें जोड़ दी गई हैं, जिससे अधिकतर महिलाएं स्वतः ही योजना से बाहर हो जाएंगी।
हुड्डा ने परिवार पहचान पत्र के जरिए बीपीएल कार्ड और बुजुर्गों की पेंशन काटे जाने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने केंद्र सरकार के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि देशभर में काटे गए राशन कार्डों में हरियाणा सबसे ऊपर है। कानून व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि प्रदेश में संगठित अपराध तेजी से बढ़ रहा है और आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
