February 11, 2026

कॉन्फिडेंट ग्रुप के चेयरमैन सीजे रॉय ने ऑफिस में खुद को गोली मारी : IT रेड के बीच आत्महत्या; हाई-लेवल जांच के आदेश

Confident Group Chairman CJ Roy shoots himself in office amid IT raid; high-level probe ordered

कॉन्फिडेंट ग्रुप के चेयरमैन सीजे रॉय। इनके दफ्तर और घर पर तीन दिन से आयकर विभाग की रेड चल रही थी।

बेंगलुरु। कॉन्फिडेंट ग्रुप के चेयरमैन और जाने-माने रियल एस्टेट कारोबारी सीजे रॉय ने शुक्रवार दोपहर बेंगलुरु में आत्महत्या कर ली। यह घटना सेंट्रल बेंगलुरु के रिचमंड सर्कल स्थित कंपनी ऑफिस में करीब 3.15 बजे हुई। पुलिस के अनुसार, रॉय ने खुद को गोली मार ली। घटना के वक्त ऑफिस में आयकर विभाग का कोई अधिकारी मौजूद नहीं था, हालांकि पिछले तीन दिनों से उनके ठिकानों पर इनकम टैक्स विभाग की तलाशी चल रही थी। रॉय की मौत के बाद आयकर अधिकारियों ने रेड की प्रक्रिया बीच में ही छोड़ दी।

तीन दिन से चल रही थी IT कार्रवाई
पुलिस और परिजनों के मुताबिक, केरल आयकर विभाग की टीम पिछले तीन दिनों से सीजे रॉय से रोज पूछताछ कर रही थी। इससे पहले भी 3 दिसंबर 2025 को आयकर की टीम बेंगलुरु आई थी और कुछ दिन तक यहां रुकी थी। इसके बाद 28 जनवरी को टीम दोबारा आई और सीजे रॉय को दुबई से बुलाया गया। परिवार का दावा है कि रॉय पर किसी तरह का कर्ज नहीं था और वह आर्थिक रूप से पूरी तरह मजबूत थे।

आत्महत्या या उकसाने का मामला?
बेंगलुरु पुलिस इस मामले को कानूनी आधार पर परख रही है। पुलिस यह तय कर रही है कि इसे अप्राकृतिक मौत के तौर पर दर्ज किया जाए या आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराएं लगाई जाएं। पुलिस कमिश्नर ने पुष्टि की है कि कॉन्फिडेंट ग्रुप के एक डायरेक्टर ने पहले ही शिकायत दर्ज कराई है। ऑफिस कैंपस से सबूत जुटाए जा रहे हैं और दस्तावेजों व बयानों की जांच जारी है।

परिवार के आरोप और राजनीतिक प्रतिक्रिया
सीजे रॉय के बड़े भाई ने आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसी के दबाव के चलते उन्होंने आत्महत्या की। उन्होंने कहा कि आयकर अधिकारियों को जवाब देना होगा कि ऐसा क्या हुआ, जिससे रॉय ने यह कदम उठाया। वहीं, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा कि इस मामले की हाई-लेवल जांच कराई जाएगी और सच्चाई सामने लाई जाएगी।

9 हजार करोड़ की नेटवर्थ और लग्जरी लाइफ
मूल रूप से केरल के रहने वाले सीजे रॉय की नेटवर्थ करीब 9 हजार करोड़ रुपए बताई जाती है। उनका कारोबार कर्नाटक और दुबई तक फैला था। उनके पास प्राइवेट जेट, 200 से ज्यादा लग्जरी कारें और 12 रोल्स रॉयस शामिल थीं। रॉय अक्सर कहते थे कि कारें उनका शौक हैं, जबकि असली दौलत जमीन है। उनके परिवार में पत्नी लिनी रॉय, बेटा रोहित और बेटी रिया हैं।

About The Author